20 हजार की रिश्वत लेते सहायक यंत्री गिरफ्तार, लोकायुक्त की कार्रवाई

20 हजार की रिश्वत लेते सहायक यंत्री गिरफ्तार, लोकायुक्त की कार्रवाई

  • रिपेयर और मेंटेनेंस कार्य के बिल पास करने मांगे थे 56 हजार
  • मंडला जनजातीय कार्य विभाग में पदस्थ है इंजीनियर

मंडला महावीर न्यूज 29. जबलपुर लोकायुक्त ने आदिवासी जनजातीय कार्य विभाग मंडला के कार्यालय में कार्रवाई करते हुए सहायक यंत्री नरेंद्र कुमार गुप्ता 61 वर्ष पिता स्व. काशीराम गुप्ता को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई प्रथम किश्त के रूप में रिश्वत लेते समय की गई। यह कार्रवाई सरकारी विभागों में व्यापत भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने जरूरी था। लोकायुक्त पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई उन अधिकारियों के लिए भी एक चेतावनी है, जो बिना रिश्वत लिए सरकारी काम करने से कतराते हैं।

जानकारी अनुसार रोशन कुमार तिवारी 34 वर्ष, पिता रामू तिवारी निवासी अनुपपुर हाल निवास नारायणगंज मंडला ने जबलपुर लोकायुक्त कार्यालय में इसकी शिकायत की थी। रोशन कुमार तिवारी की फर्म बोरिंग बिल्डर्स ने विगत वर्ष 2024 में आदिवासी जनजातीय कार्य विभाग मंडला में रिपेयर एवं मेंटेनेंस का कार्य पूरा किया था। यह कार्य मार्च में पूर्ण कर लिया गया था, जिसका कुल बिल 16 लाख 60 हजार रुपये का था। इस बिल को पास करने के एवज में सहायक यंत्री ने कुल बिल का एक प्रतिशत की रिश्वत की मांग की थी।

बिल भुगतान के एवज में मांगी थी रिश्वत 

शिकायतकर्ता रोशन कुमार तिवारी ने बताया कि उनके द्वारा लगाए गए 16 लाख 60 हजार रुपये के कार्य बिल के भुगतान के एवज में सहायक यंत्री नरेंद्र कुमार गुप्ता द्वारा एक प्रतिशत के हिसाब से कुल 56 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी। सहायक यंत्री ने बिल पास करने के लिए यह राशि मांगी थी, जिसके बाद रोशन तिवारी ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई।

रंगे हाथों पकड़े गए सहायक यंत्री

गुरूवार को जब सहायक यंत्री नरेंद्र कुमार गुप्ता को शिकायतकर्ता रोशन कुमार तिवारी ने प्रथम किश्त के रूप में 20 हजार रुपये की रिश्वत देने विभाग पहुंचे। जहां लोकायुक्त की टीम ने नरेन्द्र कुमार गुप्ता को 20 हजार रूपए लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। लोकायुक्त की टीम ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। लोकायुक्त के ट्रेप दल में टीम प्रभारी निरीक्षक राहुल गजभिये, निरीक्षक जितेंद्र यादव, निरीक्षक शशिकला मस्कुले, उप निरीक्षक शिशिर पांडेय समेत लोकायुक्त जबलपुर का दल मौजूद रहा।



 

Leave a Comment