एनसीसी ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर रितेश बहल का ब्रेन चाइल्ड एकेडमी में स्वागत
- छात्रों और कैडेट्स ने देशभक्ति प्रदर्शनों से किया अभिनंदन
- अनुशासन और नेतृत्व पर दिया जोर
मंडला महावीर न्यूज 29. ब्रेन चाइल्ड एकेडमी में भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें एनसीसी ग्रुप मुख्यालय जबलपुर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर रितेश बहल का आगमन हुआ। उनके साथ कर्नल विक्रांत त्यागी सीओ, 1 एमपी आर्टिलरी रजि. एनसीसी, जबलपुर और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स और छात्रों ने देशभक्ति प्रदर्शन और डायनेमिक एनसीसी डिस्प्ले के साथ उनका स्वागत किया।

समारोह की शुरुआत मुख्य द्वार पर गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुई। इसके बाद छात्रों ने देशभक्ति से जुड़े कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें सातवीं कक्षा के छात्रों का देशभक्ति मैशअप, आठवीं कक्षा के छात्रों द्वारा श्री मिल्खा सिंह की कहानी, और नौवीं कक्षा के छात्रों द्वारा कारगिल सैनिकों की कहानी शामिल थी। एनसीसी कैडेट्स ने साइबर सुरक्षा पर नुक्कड़ नाटक और शारीरिक प्रशिक्षण ड्रिल का प्रदर्शन किया। रानी दुर्गावती कॉलेज और निर्मला स्कूल के कैडेट्स ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया, जिसमें फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट और फील्ड सिग्नल्स शामिल थे।

ब्रिगेडियर बहल ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए सैन्य जीवन और करियर के अवसरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने अनुशासन और नेतृत्व के महत्व पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम का समापन एक समूह तस्वीर और औपचारिक विदाई के साथ हुआ। कार्यक्रम ब्रेन चाइल्ड एकेडमी के डायरेक्टर एएनओ निशांत शुक्ला और प्राचार्या डॉ. दिव्या शुक्ला के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। वरिष्ठ कोऑर्डिनेटर राजुल सिहानी, सोनिया जैन, स्पोर्ट्स टीचर अभिषेक यादव, रवि ठाकुर और अन्य शिक्षकों का भी इसमें विशेष योगदान रहा।










