नर्मदा तट पर नशे का अड्डा, छात्राओं की सुरक्षा पर मंडराया खतरा
- रानी अवंती बाई स्कूल के पास नशेडियों का जमघट
- बाउंड्री वॉल टूटी होने से बढ़ा जोखिम
- दिन-रात लगता है नशेडिय़ों का जमघट
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला शहर के कई नर्मदा तट अब नशेडिय़ों का अड्डा बन गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों और विशेषकर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। आजाद वार्ड के अंतर्गत रानी अवंती बाई स्कूल और लाइब्रेरी के बीच स्थित नर्मदा तट पर यही स्थिति देखने को मिल रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि छात्राओं के स्कूल के बगल में स्थित नर्मदा तट पर दिन और देर रात तक नशेडिय़ों का जमघट लगा रहता है। उन्होंने यहाँ पानी से बचने के लिए टेंट भी लगा रखा है, जिसके नीचे बैठकर वे तरह-तरह का नशा करते हैं। वार्डवासियों का आरोप है कि इलाके में कुछ घरों से नशे की सामग्री भी बेची जाती है, जहाँ से खरीदकर युवा पास के घाट पर नशा करते हैं।
बताया गया कि सबसे गंभीर बात यह है कि जिस ओर नशेडिय़ों का अड्डा है, उसी तरफ रानी अवंती बाई स्कूल की बाउंड्री वॉल भी टूटी हुई है, जिससे स्कूल की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से माँग की है कि वह इस क्षेत्र में नियमित गश्त करे, जिससे नदी तट को नशेडिय़ों के कब्जे से मुक्त कराया जा सके और स्कूल में पढऩे वाली छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।









