ग्राम पटेहरा में देवी स्थान पर अतिक्रमण, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग
- जनप्रतिनिधियों के खिलाफ झूठी शिकायत से भड़के ग्रामीण
- प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का दिया आश्वासन
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत पटेहरा के पोषक ग्राम टिकरिया में एक देवी स्थान पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। यह मामला तब और गरमा गया जब अतिक्रमणकारी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज करा दी। अब प्रशासन ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए 10 सितंबर को अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किए हैं।
जानकारी अनुसार यह मामला ग्राम पंचायत टिकरिया में दुर्गा देवी मंच के पास खसरा नंबर 227 की शासकीय भूमि से जुड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 10 महीने पहले राजकुमारी धुर्वे ने यहाँ पक्की दुकान का निर्माण शुरू किया था। ग्रामीणों ने तुरंत इसका विरोध किया और निर्माण कार्य को रुकवा दिया। लेकिन 29 अगस्त को अतिक्रमणकारी ने दोबारा काम शुरू किया, जिसे फिर से बंद कराया गया।
जनप्रतिनिधियों पर झूठी शिकायत का आरोप
ग्रामीणों के दबाव में अतिक्रमणकारी ने सात दिनों के भीतर खुद ही निर्माण हटाने की सहमति दी थी। लेकिन तय समय सीमा बीतने के बाद भी जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो ग्रामीणों ने फिर से प्रशासन से संपर्क साधा। इस बीच अतिक्रमणकारी ने जनपद उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा, सरपंच कालीचरण मार्को और भूतपूर्व सरपंच के खिलाफ पुलिस और जनसुनवाई में झूठी शिकायतें दर्ज करा दीं, जिससे ग्रामीणों में और भी गुस्सा व्याप्त हो गया।
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
ग्रामवासियों ने एक बार फिर तहसीलदार और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया कि जनप्रतिनिधियों पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यह स्थल 25-30 वर्षों से देवी पूजा और गाँव के सांस्कृतिक आयोजनों का केंद्र रहा है और पूरे गाँव की आस्था इससे जुड़ी हुई है। स्थानीय प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि एक दो दिन के भीतर अतिक्रमण को हटा दिया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर कार्रवाई नहीं की गई, तो 15 दिन बाद वे उसी मंच पर माता की मूर्ति स्थापित करेंगे और जरूरत पडऩे पर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।









