खनिज माफिया के हौसले बुलंद, प्रशासन की सुस्ती से बढ़ा अवैध खनन

खनिज माफिया के हौसले बुलंद, प्रशासन की सुस्ती से बढ़ा अवैध खनन

  • स्थानीय अधिकारी और पुलिस की नाक के नीचे से हो रहा मुर्रम का अवैध खनन

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के नारायणगंज क्षेत्र में खनिज माफिया के हौसले बुलंद हैं और वे खुलेआम अवैध खनन को अंजाम दे रहे हैं। स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों की ढीली कार्यप्रणाली के कारण यह अवैध उत्खनन और परिवहन चरम पर पहुंच चुका है। सूत्रों के अनुसार नगर में तेजी से हो रहे निर्माण कार्यों, सरकारी इमारतों और सड़कों के लिए आवश्यक मुर्रम का अवैध खनन बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। खनन माफिया ट्रैक्टरों, हाईवा और जेसीबी मशीनों का धड़ल्ले से इस्तेमाल कर रहे हैं। इस अवैध धंधे से न सिर्फ सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों का भी अंधाधुंध दोहन हो रहा है, जिससे पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंच रही है।

बताया गया कि यह सब कुछ स्थानीय अधिकारियों और पुलिस की नाक के नीचे हो रहा है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत के बिना यह संभव नहीं है। उनका सवाल है कि आखिर ये खनन माफिया किन प्रभावशाली लोगों के संरक्षण में काम कर रहे हैं, जिसके कारण उनके खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।

बताया गया कि क्षेत्रीय पुलिस थाना भी इन भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने से कतरा रहा है। अगर समय रहते इस पर लगाम नहीं लगाई गई, तो इसका असर क्षेत्र के पर्यावरण और सरकार की आय दोनों पर पड़ेगा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, जिससे अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

इनका कहना है

कल मुर्रम के कुछ ट्रेक्टर देखे गए था लेकिन मेरी ड्यूटी विसर्जन में लगी थी, और मुझे सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक तहसील में बैठना होता है। साथ ही फील्ड मेरे अंतर्गत नहीं आती है, जिले में कर्मचारी की कमी होने के कारण आप माइनिंग विभाग से संपर्क करे।
संगम पटले, तहसीलदार, नारायणगंज



 

Leave a Comment