बाल गणेश प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र, सोशल मीडिया में वायरल
- ग्राम कोहका का श्री गणेश पंडाल देखने उमड़ रही भीड़
- छत्तीसगढ़ की तर्ज पर स्थापित की प्रतिमा
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास विकासखंड के ग्राम कोहका में इस वर्ष स्थापित किया गया श्री गणेश पंडाल इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। यहाँ स्थापित भगवान श्री गणेश का बाल स्वरूप की प्रतिमा भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन गई है, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुँच रहे हैं।
जानकारी अनुसार इस प्रतिमा को डिंडोरी जिले के शहपुरा विकासखंड के बिछिया ग्राम के मूर्तिकार द्वारा बनाई गई हैं। बताया गया कि सिद्धिविनायक समिति द्वारा स्थापित यह प्रतिमा इसलिए भी खास है क्योंकि पिछले वर्ष इसी तरह की एक प्रतिमा छत्तीसगढ़ में स्थापित हुई थी, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी। इस साल वही बाल गणेश की छवि ग्राम कोहका में स्थापित की गई है, और यह भी खूब वायरल हो रही है।
पंडाल में उमड़ रही भीड़
श्री गणेश स्थापना के बाद से ही ग्राम कोहका में विराजमान श्रीगणेश प्रतिमा को देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे है और अपने मोबाइल में तस्वीरें सहजकर रख रहे है। सुबह-शाम की आरती में भी भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। समिति ने पंडाल की विशेष साज-सज्जा भी की है, जो भक्तों के उत्साह को और बढ़ा रही है। यह बाल गणेश प्रतिमा लोगों में गहरी श्रद्धा और उत्साह पैदा कर रही है, और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में और भी ज्यादा लोग दर्शन के लिए यहाँ पहुँचेंगे।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे









