बाइक से 4.50 लाख रुपए भरा बैग चोरी, पुलिस जांच में जुटी
- मेडिकल दुकान के बाहर हुई वारदात, सीसीटीवी से मिला सुराग
मंडला महावीर न्यूज 29. शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बड़ चौराहा स्थित एक मेडिकल दुकान के बाहर से एक युवक की बाइक से 4.50 लाख रुपए से भरा बैग चोरी हो गया। यह घटना तब हुई जब युवक दवा खरीदने के लिए दुकान के अंदर गया हुआ था। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश कर रही है।
गूढ़ा अंजनिया निवासी शिवांशु सिंगरौरे ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बड़ी माँ के साथ बैंक गया था। उन्होंने पहले बैंक ऑफ महाराष्ट्र से 30 हजार रुपए निकाले। इसके बाद उनके बड़े पिता कृष्ण कुमार सिंगरौरे ने सहकारी बैंक से 2.50 लाख रुपए और चाचा मनोज कुमार कौशिक ने 2 लाख रुपए निकालकर उसे दिए। कुल 4.50 लाख रुपए एक बैग में रखकर वह दवा लेने के लिए मेडिकल स्टोर पर गया।
शिवांशु ने बताया कि उसने पैसों से भरा बैग बाइक की हैंडल पर टांग दिया था। उसकी एक महिला रिश्तेदार बाइक के पास ही खड़ी थीं, जिसके कारण वह बेफिक्र होकर दुकान में चला गया। इसी का फायदा उठाते हुए पहले से रेकी कर रहे एक अज्ञात चोर ने मौका पाकर पैसों से भरा बैग उड़ा लिया। घटना का पता चलते ही शिवांशु के होश उड़ गए। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी बैग और आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बैंक और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। फुटेज में एक ही हुलिए और शक्ल का व्यक्ति बार-बार नजर आया है। पुलिस का मानना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।










