कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में 248 छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण
- उमंग कार्यक्रम के तहत रानी दुर्गावती कॉलेज में जागरूकता कार्यशाला आयोजित
मंडला महावीर न्यूज 29. युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय रानी दुर्गावती स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उमंग उच्च शिक्षा हेल्थ एवं वेलनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 248 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कार्यक्रम मध्यप्रदेश सरकार के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया। सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती और कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल गुप्ता के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का संचालन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनभागीदारी समिति अध्यक्ष चंद्रशेखर निखारे ने किया। कार्यशाला की शुरुआत में खेल अधिकारी एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. गुलबहार खान ने कार्यक्रम के उद्देश्यों के बारे में बताया। प्राचार्य डॉ. अनिल गुप्ता ने छात्रों को स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की सलाह दी। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. डीके मरकाम ने युवाओं को स्वस्थ रहने के लिए व्यायाम, सही पोषण और खेल गतिविधियों के महत्व पर जानकारी दी।

आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें हीमोग्लोबिन जांच, एनीमिया और सिकल सेल स्क्रीनिंग, रक्तचाप, बॉडी-मास इंडेक्स, दांत और आंखों की जांच शामिल थी। किशोर स्वास्थ्य समन्वयक हेमंत राहंगडाले ने उमंग कार्यक्रम के तहत पूरे साल चलने वाली गतिविधियों के बारे में बताया। उन्होंने युवाओं को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श के लिए उमंग हेल्पलाइन नंबर 14425, मनहित मोबाइल एप्लिकेशन, टेलीमानस हेल्पलाइन नंबर 14416 और एआई आधारित चैटबॉट खुल के पूछो के बारे में भी जानकारी दी।
अंधत्व कार्यक्रम प्रबंधक एचएन चंद्रवंशी ने आंखों की देखभाल और राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के बारे में बताया। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं ने स्वास्थ्य संबंधी कई सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने जवाब दिया। इस अवसर पर प्राध्यापक डॉ. टीपी मिश्रा, डॉ. एसआर बघेल, डॉ. मुकेश आर्मो, डॉ. राजेश धुर्वे, डॉ. संतोष गुजरे, डॉ. दुर्गावती सल्लाम और कॉलेज के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।










