पीएम जनमन योजना जनजातीय समुदाय के जीवन में ला रही बदलाव-राज्यपाल
- ग्राम अमाही में बैगा एवं भारिया समुदाय के लोगों से किया संवाद
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के नैनपुर विकासखंड के ग्राम अमाही में आयोजित पीएम जनमन योजना अंतर्गत लाभान्वित बैगा एवं भारिया समुदाय के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मप्र के राज्यपाल मंगू भाई पटेल का आगमन हुआ। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने कहां कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की संवेदनाएं जनजातीय समुदाय के प्रति विशेष रूप से है। जनजातीय वर्ग के भाई-बहनों को आगे लाने के लिए सभी समन्वित प्रयास केन्द्र एवं राज्य सरकार के द्वारा किए जा रहे हैं। इस परिप्रेक्ष्य में प्रधानमंत्री द्वारा पीएम जनमन योजना की शुरूआत की गई जिसमें 24 हजार करोड़ रूपए की राशि का प्रावधान है।
राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने जय जोहार के साथ अपने उद्बोधन की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों को प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं के लाभ से लाभान्वित किए जाने का काम देश एवं प्रदेश में एकसाथ किया जा रहा है। इसके तहत विशेष पिछड़ी जनजाति बसाहटों में मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जसमें सड़क, बिजली, पानी, स्कूल एवं आंगनवाड़ी केन्द्र शामिल हैं। इस योजना का लाभ मिलने से जनजातीय लोगों के जीवन में बदलाव आएगा। आयुष्मान भारत योजना के तहत बीमार व्यक्ति के नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था की जिम्मेदारी सरकार ने उठाई है। महिलाओं को खाना बनाने के दौरान धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए उज्जवला गैस योजना की शुरूआत की गई है। राज्य सरकार द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं लाड़ली बहना योजना से उनके जीवन में बदलाव देखने को मिला है। स्व-सहायता समूहों ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया है। महिलाओं का जीवन स्तर बेहतर हुआ है। उनके चेहरे की मुस्कान से यह सिद्ध हो रहा है।
राज्यपाल ने कहा कि सिकल सेल की बीमारी आनुवांशिक है। इसके उन्मूलन के लिए व्यापक जागरूकता आवश्यक है। सरकार ने इस बीमारी को जड़ से खत्म करने का बीड़ा उठाया है। केन्द्र सरकार ने वर्ष 2047 तक भारत को सिकल सेल एनीमिया मुक्त करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने यहां मौजूद सभी लोगों से आग्रह किया है कि विवाह के पहले लड़के-लड़कियों को अपने सिकल सेल जेनेटिक काड्र्स का मिलान अवश्य कराना चाहिए। सिकल सेल से पीडि़त व्यक्ति का चिन्हांकन एवं त्वरित रोग उपचार ही इस बीमारी से बचा सकता है। जितनी जल्दी इस रोग का पता चलेगा, इसे नियंत्रित करने की संभावना उतनी होगी। जनजातीय क्षेत्रों में यह बीमारी प्राय: देखी जा रही है। अत: आप आंगनवाड़ी केन्द्र एवं अन्य स्वास्थ्य केन्द्रों में जाकर सिकल सेल एनीमिया की जांच करवाएं। इस बीमारी के उन्मूलन के लिए सभी की सक्रिय सामूहिक भागीदारी जरूरी है।
मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि आज हमारे लिए सौभाग्य का दिन है राज्यपाल मंडला जिले में आए हैं। उन्होंने हमारे जनजातीय भाई-बहनों को उनके नवनिर्मित घर में गृहप्रवेश कराया है। सरकार सिकल सेल एनीमिया की बीमारी को गंभीरता से समझकर उसके उन्मूलन के लिए लगातार कार्य कर रही है। राज्य सरकार जनजातीय वर्ग के कल्याण के क्षेत्र में भी कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

कार्यक्रम की शुरूआत राज्यपाल एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्जवलन कर की। कार्यक्रम के प्रारंभ एवं अंत में राष्ट्रगान का भी गायन हुआ। मंचीय कार्यक्रम में पहुंचने के पहले राज्यपाल मंगू भाई पटेल एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम परिसर पर रेशम विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा सिकल सेल एनीमिया स्वास्थ्य शिविर का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम के अंत में सिकल सेल दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं कान की मशीन भी वितरित की गई। जनजातीय समुदाय द्वारा स्नेह स्वरूप आदिवासी पारंपरिक वाद्ययंत्र मृदंग राज्यपाल श्री पटेल को भेंट किया गया।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, पूर्व विधायक देवसिंह सैयाम, नगरपालिका परिषद नैनपुर की अध्यक्ष कृष्णा पंजवानी, जिला पंचायत सदस्य शालिनी प्रभात साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष नैनपुर ओमवती उइके, सरपंच अखिलेश मरावी, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, एसडीएम नैनपुर आशुतोष ठाकुर, जनपद पंचायत सीईओ विनोद मरावी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।
राज्यपाल ने पीएम जनमन योजना के लाभार्थियों का कराया गृह प्रवेश
- ग्राम अमाही में रहा उत्सव जैसा माहौल
राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने मंगलवार को ग्राम अमाही में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया। इस दौरान परिवारजनों से आत्मीय बातचीत कर उनसे इस योजना का लाभ मिलने के बाद उनके जीवन में आए बदलाव के बारे में जाना। इस मौके पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, जनपद पंचायत अध्यक्ष नैनपुर ओमवती उइके, सरपंच अखिलेश मरावी, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, एसडीएम नैनपुर आशुतोष ठाकुर, जनपद पंचायत सीईओ विनोद मरावी मौजूद थे।
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के हितग्राही निर्मला करनपुरिया, राधाबाई धुर्वे, पुष्पा उइके एवं आशाबाई उइके को गृह प्रवेश कराया। अपने घर के गृह प्रवेश के इस कार्यक्रम में शामिल हुए राज्यपाल की मौजूदगी से सभी लोग आनंदित और उत्साहित नजर आए। हितग्राहियों ने भी ख़ुशी से पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया और छींदी से बने पुष्पगुच्छ भेंट किए। नवनिर्मित आवास में पहुंचकर राज्यपाल ने इन हितग्राहियों से पूछा कि नए घर में आकर कैसा महसूस कर रहे हैं? शासन की किन-किन योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है? राज्यपाल ने कहा कि अपने बच्चों को अवश्य पढ़ाए। यही आपके प्रगति की दिशा तय करेगी। सरकार प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए बनाई गई विभिन्न राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।
स्वयं सहायता समूह की लखपति दीदी से किया संवाद
राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लखपति दीदी के रूप में अपनी पहचान बनाई सोहनिया मरावी से संवाद किया। सोहनिया मरावी ने बैगाचक महिला किसान उत्पादक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि इस कंपनी में वर्तमान में 16 हजार से अधिक महिला किसान सदस्य हैं। कंपनी का अब तक का कुल टर्नओवर 7 करोड़ रूपए से अधिक का है। यह कंपनी कोदो-कुटकी, मसूर की खरीदी प्रसंस्करण कर कोदो का चावल बनाती है एवं बिक्री करती है। आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित स्व-सहायता समूह के माध्यम से उनकी आर्थिक स्थिति में काफी बदलाव आया है। इससे होने वाली आय से उन्होंने 3 ट्रेक्टर, 2 थ्रेसर, एक रोटावेटर और एक लेंडलीवर खरीदा है। इन सभी के उपयोग से उन्हें 90 हजार से एक लाख रूपए की मासिक आय हो रही है। बच्चे अब इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। राज्यपाल ने उनकी प्रशंसा करते हुए अन्य महिलाओं को भी आजीविका मिशन से जुड़कर प्रगति की राह पर अग्रसर होने कहा।
आंगनवाड़ी केन्द्र का किया निरीक्षण, परिसर में किया पौधारोपण
हितग्राहियों के गृहप्रवेश कार्यक्रम एवं लखपति दीदी संवाद के उपरांत उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। यहां मौजूद बच्चों को पोषण टोकरी एवं उपहार भेंट किए। साथ ही गोदभराई एवं अन्न प्राशन कार्यक्रम में शामिल हुए। एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत आंगनवाड़ी परिसर में अशोक का पौधा लगाया।












