मानसिक स्वास्थ्य भ्रांति की जाँच के लिए राज्य स्तरीय टीम का दौरा
- अंधविश्वास से दूर रहने की अपील, तिलई गांव में राज्य स्तरीय टीम ने किया दौरा
मंडला महावीर न्यूज 29. राज्य स्तरीय टीम ने मंडला जिले के ग्राम तिलई हाईस्कूल का दौरा किया। यह दौरा कुछ दिन पहले स्कूल में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी फैली भ्रांतियों की सच्चाई जानने के लिए किया गया था। सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि टीम में राज्य मानसिक स्वास्थ्य की उप संचालक डॉ. विजया सकपाल और जिला स्तरीय टीम के सदस्य शामिल थे। टीम ने स्कूल के प्राचार्य सभी बच्चों, पीडि़त छात्राओं और उनके अभिभावकों से मिलकर घटना का जायजा लिया। अभिभावकों ने बताया कि जिला और ब्लॉक स्तर की मेडिकल टीम ने पहले ही उनका इलाज कर दिया था।

उप संचालक डॉ. विजया सकपाल ने गाँव के एक पंडा से भी बात की और उन्हें भ्रांतियों या अंधविश्वासों में न पडऩे की सलाह दी। जहाँ यह घटना हुई थी, उस पेड़ के नीचे ले जाकर बच्चों को शपथ दिलाई गई कि पेड़ उनके रक्षक हैं और उन्हें नुकसान नहीं पहुँचा सकते। डॉ. विजया सकपाल ने स्थानीय स्वास्थ्य कर्मियों और किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाताओं को लगातार फॉलोअप और परामर्श देने का निर्देश दिया। इस दौरे के दौरान उप संचालक डॉ. विजया सकपाल, जिला टीकाकरण अधिकारी, क्षेत्रीय समन्वयक, डॉक्टर सुपरवाइजर, सीएचओ, एमपीडब्ल्यू, एएनएम और स्कूल के सभी शिक्षक उपस्थित थे।
हाई स्कूल तिलई की छात्राओं को आए चक्कर – Mahaveer News 29










