डेढ़ साल में पौने तीन करोड़ के गुम मोबाइल किए बरामद

धारकों को लौटाए गए 80 मोबाइल, पुलिस ने शिकायत के लिए सीईआईआर पोर्टल और हेल्पलाइन की दी जानकारी

  • डेढ़ साल में 1958 मोबाइल पुलिस ने किए बरामद
  • पुलिस कंट्रोल रूम से धारकों को बांटे गए उनके गुम मोबाइल
  • मंडला पुलिस की बड़ी सफलता
  • डेढ़ साल में पौने तीन करोड़ के गुम मोबाइल किए बरामद

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन को खोजने की अपनी मुहिम में एक अद्वितीय सफलता हासिल की है। पिछले लगभग डेढ़ साल में पुलिस ने करीब 2 करोड़ 93 लाख रुपए कीमत के कुल 1958 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसी कड़ी में बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में एक कार्यक्रम आयोजित कर विगत 45 दिनों में ट्रेस किए गए 80 मोबाइल फोन उनके मालिकों को सुपुर्द किए गए, जिसके बाद धारकों के चेहरों पर खुशी लौट आई।

पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में 1088 मोबाइल फोन बरामद किए गए थे, जबकि वर्ष 2025 में अब तक 870 मोबाइल फोन खोज निकाले गए हैं। इन सभी की कुल कीमत लगभग 2 करोड़ 93 लाख रुपए है। बुधवार को अपने गुम हुए फोन वापस पाकर लोगों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

साइबर डेस्क और प्रशिक्षित अमले से मिल रही सफलता 

पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि मंडला पुलिस द्वारा साइबर डेस्क की स्थापना की गई है, जो इस तरह की शिकायतों की लगातार निगरानी करती है। उन्होंने बताया कि मोबाइल गुम होने की शिकायतें अब आसानी से सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज की जा सकती हैं। इसके अलावा, नागरिक हेल्पलाइन 1930 या अपने नजदीकी थाने में भी शिकायत कर सकते हैं। इस काम में तेजी लाने के लिए सभी थानों में 02-02 पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से प्रशिक्षित कर नियुक्त किया गया है, जो सीईआईआर पोर्टल और साइबर फ्रॉॅड से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई करते हैं।



 

Leave a Comment