मंदिर का ताला तोड़कर चोरी, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
- शहर में बढ़ रही हैं चोरी की घटनाएं
- रपटा स्थित सिद्धी विनायक मंदिर को चोरों ने बनाया निशाना
मंडला महावीर न्यूज 29. कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अज्ञात चोरों ने रपटा घाट स्थित श्री सिद्धी विनायक गौरी शंकर मंदिर को निशाना बनाया और चोरी की घटना को अंजाम दिया। सुबह जब मंदिर प्रबंधन को घटना की जानकारी हुई, तो उन्होंने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचित किया। वहीं पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल खड़े हो रहे है।
जानकारी अनुसार सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात को अज्ञात चोरों ने पहले आरी ब्लेड से मंदिर के मुख्य गेट का ताला काटा। इसके बाद प्रथम तल पर बने गणेश मंदिर के गेट का ताला पत्थर से तोड़कर अंदर घुसे। चोरों ने मंदिर में रखी दान पेटी से सारी नगदी चुरा ली। इतना ही नहीं चोर मंदिर में लगे बल्ब भी अपने साथ ले गए।
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि शहर में पुलिस की रात्रि गश्त कमजोर होने का फायदा उठाकर चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, लेकिन लगातार हो रही चोरियों से आम जनता में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों को पकडऩे और रात्रि गश्त को और अधिक मजबूत करने की मांग की है।









