नारायणगंज बबलिया में दो बाइक की टक्कर, एक युवक गंभीर घायल
- सिर में गंभीर चोट, घायल को जबलपुर मेडिकल कॉलेज किया रेफर
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के ग्राम बबलिया में दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे में घायल युवक की पहचान ग्राम बबलिया निवासी मोनू सोनवानी पिता कृष्णा सोनवानी उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई है। वहीं दूसरे बाइक सवार को मामूली चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल मोनू सोनवानी को मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल एक निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. राजेश अहिरवार ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
डॉ. राजेश अहिरवार ने बताया कि हादसे में मोनू सोनवानी के सिर में गंभीर चोट आई है। सिर में चोट के कारण वह खून की उल्टियां कर रहा था। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने तत्काल उसे जबलपुर रेफर करने का निर्णय लिया। कुटरी एंबुलेंस को तुरंत बुलाया गया और घायल युवक को जबलपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। युवक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। इस हादसे की जानकारी नारायणगंज टिकरिया पुलिस को भी दे दी गई है, जो मामले की जांच कर रही है।













