राष्ट्रीय सेवा के लिए 90 युवाओं ने एनसीसी में बनाई जगह
- उत्कृष्ट विद्यालय में दो दिवसीय एनसीसी भर्ती संपन्न, 90 छात्रों का चयन
मंडला महावीर न्यूज 29. शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में दो दिवसीय एनसीसी भर्ती प्रक्रिया का आयोजन किया गया। यह भर्ती 1 एमपी आरटी रेजिमेंट जबलपुर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विक्रांत त्यागी के निर्देशानुसार संपन्न हुई। विद्यालय की प्राचार्य कल्पना नामदेव के संरक्षण में आयोजित इस प्रक्रिया में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
भर्ती प्रक्रिया में कुल 143 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया काफी कठोर रही, जिसमें छात्रों को ऊंचाई मापन, वजन, सिटअप्स, पुलअप्स, दौड़, मेडिकल जांच, दस्तावेज सत्यापन, लिखित परीक्षा और साक्षात्कार जैसे विभिन्न चरणों से गुजरना पड़ा। चयन पूरी तरह से शारीरिक दक्षता, मानसिक तत्परता और दस्तावेजों की वैधता के आधार पर किया गया। इस कठोर और पारदर्शी प्रक्रिया के बाद 90 विद्यार्थियों का चयन हुआ। ये चयनित छात्र अब एनसीसी के माध्यम से अनुशासन, राष्ट्र सेवा और नेतृत्व कौशल जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं की शिक्षा प्राप्त करेंगे।
कार्यक्रम के सफल संचालन में सूबेदार नीरज सिंह, हवलदार सुशील कुमार के साथ विद्यालय के एनसीसी प्रभारी एएनओ विपिन लखेरा और एएनओ संजय धनगर उपस्थित रहे। विद्यालय का समस्त स्टाफ भी एनसीसी भर्ती प्रक्रिया में सक्रिय रूप से सहयोगी रहा। विद्यालय प्रशासन ने इस आयोजन को सफल बनाने वाले समस्त अधिकारियों, शिक्षकों और प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया, और चयनित विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।









