मंडला में नशे से दूरी है जरूरी अभियान का शुभारंभ
- कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने दिखाई हरी झंडी
- 15 दिवसीय जागरूकता अभियान शुरू
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस द्वारा नशे से दूरी है जरूरी अभियान के अंतर्गत एक जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में सामूहिक प्रयास करना है। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस लाइन मंडला से हुआ, जहाँ कैबिनेट मंत्री सम्पतिया उइके ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, और जिला पंचायत सीईओ श्रेयान्स कूमट मौजूद रहे।
रैली पुलिस लाइन मंडला से शुरू होकर महात्मा गांधी स्टेडियम मंडला में समाप्त हुई। इसमें विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं, कॉलेज विद्यार्थियों, एनएसएस, स्काउट-गाइड, नेहरू युवा केंद्र के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। रैली के माध्यम से हमारा है यही संदेश, नशा-मुक्त हो मध्यप्रदेश का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया।
रैली समापन पर नशा मुक्ति की शपथ
महात्मा गांधी स्टेडियम में रैली के समापन अवसर पर शपथ समारोह आयोजित किया गया। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति की शपथ ली।
15 दिवसीय अभियान की शुरुआत
यह जागरूकता रैली जिले में नशे से दूरी है जरूरी अभियान की शुरुआत है, जो आगामी 15 दिनों तक चलेगा। इस अवधि में जनजागरूकता कार्यक्रम, संवाद सत्र, रचनात्मक प्रतियोगिताएँ और नशा मुक्ति संकल्प जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी संबंधित विभागों के समन्वय से नशे के विरोधी संदेश और उसके दुष्प्रभावों को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाया जाएगा।
हेल्पलाइन नंबर की दी जानकारी
रैली के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक नहीं है, बल्कि यह उसके परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। पुलिस ने लोगों से आग्रह किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी नशा छोडऩे के लिए प्रेरित करें। रैली के दौरान नशा मुक्ति से जुड़ी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1933, नशा मुक्ति हेल्पलाइन 14446 और मध्यप्रदेश पुलिस नारकोटिक्स विभाग 7049100785 नंबर का भी प्रदर्शन किया गया।













