देवदरा में मेहेर बाबा ट्रस्ट की भूमि पर वृक्षों की सुरक्षा की मांग
- ग्रामवासियों ने एक पेड़ मेहेर बाबा के नाम अभियान के तहत किया वृक्षारोपण
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला शहर से लगी मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत देवदरा में स्थित अवतार मेहेर बाबा की तपोभूमि जो जन सामान्य की आस्था का केंद्र है, वहाँ लगे वृक्षों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया गया है। ग्रामवासियों ने ट्रस्ट की भूमि पर लगे हरे-भरे फलदार वृक्षों को संरक्षित करने और खाली पड़ी भूमि पर नए वृक्षारोपण की मांग की है। ग्रामवासियों का कहना है कि इस तपोभूमि के आसपास और ट्रस्ट की अन्य भूमि लखराम में सैकड़ों हरे-भरे फलदार वृक्ष लगे हुए हैं, जो पर्यावरण को सुरक्षित करते हैं। हालांकि लखराम में लगे अनेक पेड़ देखरेख के अभाव में गिर रहे हैं, जिससे उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।
ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस भूमि पर लगे पेड़ों की सुरक्षा की जाए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी निवेदन किया है कि ट्रस्ट की भूमि पर जो वृक्ष लगे हुए हैं, उन्हें शासन-प्रशासन द्वारा संरक्षित किया जाए और जो रिक्त भूमि है, उस पर भी शासन की किसी योजना के तहत नए फलदार वृक्षों का रोपण कराया जाए। ग्रामवासियों का मानना है कि इससे शहर के मध्य हरियाली बनी रहेगी और पर्यावरण को सुरक्षा प्राप्त होगी।
इसी तारतम्य में मेहेर बाबा को समर्पित करते हुए ग्रामवासियों द्वारा एक पेड़ मेहेर बाबा के नाम अभियान की शुरुआत करते हुए वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान ग्राम देवदरा के वाजिद अली, सुनील ठाकुर, नवीन जैन, शेर सिंह पंद्राम, शारदा परते, राकेश श्रीवास, केशव, अमित सोनी, कमलेश, राजू रघुवंशी समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।









