पात्र हितग्राहियों के बने विकलांगता प्रमाण पत्र
- 50 प्रतिशत से अधिक एचपीएलसी वैल्यू के व्यक्तियों को शासन से मिलेगे 600 रूपए प्रतिमाह
- नारायणगंज सीएचसी में आयोजित हुआ विकलांगता प्रमाण पत्र वितरण शिविर
मंडला महावीर न्यूज 29. सिकल सेल एनीमिया से पीडि़त व्यक्तियों को शासकीय योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाने की पहल आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला के विकासखंड नारायणगंज से शुरूआत की गई है। इस पहल के अंतर्गत सिकलसेल एनीमिया पीडि़त जिनका एचपीएलसी टेस्ट में वैल्यू 50 से अधिक है ऐसे पात्र हितग्राहियों का विकलांगता प्रमाण पत्र बनाया जाएगा। विकलांगता प्रमाण पत्र शिविर का शुभारंभ जनपद उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा, सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती, डीएचओ डॉ. पीएल कोरी, सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल द्वारा किया गया। बताया गया कि विकलांगता प्रमाण पत्र वितरण शिविर में दोपहर तक करीब 58 पात्र हितग्राहियों के प्रमाण पत्र बनाए गए थे, शेष हितग्राहियों के प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया चल रही है। जनपद उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा ने उपस्थित हितग्राहियों से कहां कि हमें जागरूक रहने की आवश्यकता है, यदि समय रहते इस बीमारी का पता चल जाए तो हम इस बीमारी से जीत भी सकते है। माह में एक बार अपने ब्लड की जांच जरूर कराएं। इस बीमारी से पीडि़त व्यक्तियों को शासन की ओर से प्रत्येक माह 600 रूपए की राशि दी जाएगी।

जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीएल कोरी ने बताया कि मंडला जिले के नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से विकलांगता प्रमाण पत्र वितरण शिविर की शुरूआत 11 जुलाई से की गई है। यह शिविर मंडला कलेक्टर के नेतृत्व में आयोजित किया गया है। जिसका उद्देश्य सिकल सेल एनीमिया से प्रभावित उन हितग्राहियों को आसानी से विकलांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना है, जिनका एचपीएलसी टेस्ट में वैल्यू 50 से अधिक है। बताया गया कि जिले के सभी ब्लॉक स्तर पर आयोजित किये जाने वाले इस विशेष कैंप के लिए हितग्राहियों की सूची पहले ही संबंधित अधिकारियों को भेजी जा चुकी है। जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति इस अवसर से वंचित न रहे। इसके साथ ही शिविर में आने के लिए कोटवार के माध्यम से मुनादी भी कराई जा रही है। बताया गया कि शेष ब्लाकों में भी इसकी प्रक्रिया जारी है। जिससे अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति इस शिविर का लाभ उठा सकें।
नारायणगंज सीएचसी से हुई शुरूआत
सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि सिकल सेल एनीमिया से पीडि़त सभी हितग्राही जिनका एचपीएलसी टेस्ट में वैल्यू 50 से अधिक है। इस शिविर की शुरूआत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज से की गई है। जहां पात्र हितग्राहियों के प्रमाण पत्र तत्काल बनाकर उन्हें दिए गए। नारायणगंज में चिन्हित पात्र हितग्राही 117 है। जिनका प्रमाण पत्र बनाया जा रहा है। इसके साथ ही नैनपुर में 72, मोहगांव में 64, घुघरी में 68, बिछिया में 133, मवई में 78, मंडला में 1167, बीजाडांडी में 129, निवास में 56 व्यक्ति एचपीएलसी टेस्ट में वैल्यू 50 से अधिक वाले है।
तिथिवार आयोजित होंगे शिविर
बताया गया कि विकलांगता प्रमाण पत्र बनाने के लिए शिविर की तिथियां निर्धारित कर ली गई है। जिसमें नैनपुर में 18 जुलाई, मोहगांव में 25 जुलाई, घुघरी में 01 अगस्त, बिछिया में 08 अगस्त, मवई में 22 अगस्त, बम्हनी बंजर में 29 अगस्त, बीजाडांडी में 05 सितंबर और निवास में 12 सितंबर को शिविर आयोजित किया जाएगा।















