रानी दुर्गावती कॉलेज को बार काउंसिल ऑफ इंडिया से मिली मान्यता, 60 सीटों पर होगा दाखिला
- प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस मंडला में एलएलबी कोर्स के लिए अगले चरण से शुरू होंगे प्रवेश
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एलएलबी पाठ्यक्रम में अब अगले चरण से प्रवेश शुरू हो जाएंगे। कॉलेज को बार काउंसिल ऑफ इंडिया से इस पाठ्यक्रम के लिए मान्यता मिल गई है, जिसके बाद रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर ने भी प्रवेश पोर्टल पर इसे अप्रूव कर दिया है। इसके साथ ही अगले चरण से एलएलबी की 60 सीटों के लिए विद्यार्थी प्रवेश प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
बताया गया कि वर्तमान में महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया का तीसरा चरण चल रहा है, जिसकी सीट अलॉटमेंट प्रक्रिया जारी है। इस चरण में प्रवेश शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 10 जुलाई है। जिन विद्यार्थियों को सीट अलॉटमेंट के मैसेज उनके मोबाइल नंबर पर मिल गए हैं, उन्हें सूचित किया जाता है कि वे अपनी सीट कन्फर्म कर निर्धारित तिथि तक प्रवेश शुल्क अनिवार्य रूप से जमा करें।
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस मंडला के प्राचार्य ने बताया कि ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे प्रवेश प्रक्रिया के अगले चरण में पंजीकरण करा सकते हैं। इसके साथ ही जिन विद्यार्थियों ने पहले पंजीकरण कराया था लेकिन उनका नाम प्रवेश सूची में नहीं आया था, वे भी अब पुन: चॉइस फिलिंग कर प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। बताया गया कि प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने से छात्रों को राहत मिली है, जो लंबे समय से इस कॉलेज में एलएलबी पाठ्यक्रम शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। अब वे कानूनी शिक्षा के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।









