निवास के नवीन हाई स्कूल परिसर में करंट लगने से गौवंश की मौत, बड़ी दुर्घटना टली

निवास के नवीन हाई स्कूल परिसर में करंट लगने से गौवंश की मौत, बड़ी दुर्घटना टली

  • खुले बिजली के तार और शराबियों का जमावड़ा बना खतरा
  • प्रशासन की अनदेखी से आक्रोश

मंडला महावीर न्यूज 29. निवास विकासखंड मुख्यालय स्थित नवीन हाई स्कूल के खेल परिसर में करंट लगने से एक गौवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे स्थानीय गौसेवकों और ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है। इस घटना ने स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि खुले बिजली के तार से कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।

जानकारी अनुसार विद्यालय परिसर में जमीन के नीचे अर्थिंग के तार खुले पड़े थे, जिसकी चपेट में आने से गौवंश की मौत हो गई। विद्यालय के शिक्षक अनुराग जैन ने बताया कि घटना होते ही उन्होंने तुरंत बिजली विभाग को सूचित किया और आपूर्ति बंद करवाकर विभाग के सहयोग से तारों को अंडरग्राउंड कराया। गनीमत रही कि परिसर में बच्चे खेल रहे थे, उनको किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।

शिक्षक अनुराग जैन ने परिसर की अन्य गंभीर समस्याएं भी बताई। उन्होंने बताया कि रात के समय स्कूल परिसर में शराबियों का जमावड़ा लगता है और सुबह स्कूल खुलने पर चारों ओर शराब की बोतलों के कांच के टुकड़े बिखरे मिलते हैं। इस संबंध में उन्होंने निवास थाने में भी सूचना दी है, लेकिन इस ओर किसी का ध्यान नहीं है। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में विद्यालय के छात्रों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, क्योंकि बच्चे खुले में खेलते हैं और बगल से नाला बहता है, जिससे उनकी चिंताएं और बढ़ जाती हैं।

अनुराग जैन ने बताया कि उन्होंने कई बार इस समस्या को प्रशासन और शिक्षा समिति की बैठकों में रखा है। पूर्व विकासखंड शिक्षा अधिकारी और वर्तमान विकासखंड शिक्षा अधिकारी के साथ शिक्षा समिति के अध्यक्ष घनश्याम सूर्यवंशी को भी उन्होंने इस समस्या से अवगत कराया था। उन्होंने स्कूल परिसर की बाउंड्रीवाल बनाने के लिए आवेदन भी लिखा है, जिससे बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके और किसी तरह की घटना न घटे, लेकिन अभी तक इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों और शिक्षकों ने प्रशासन से तत्काल इन गंभीर मुद्दों पर ध्यान देने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।


रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे


 

Leave a Comment