भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी टिकरिया की नवनिर्मित पुलिया

भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी टिकरिया की नवनिर्मित पुलिया

  • सात लाख की लागत से बनी पुलिया एक माह में क्षतिग्रस्त
  • सरपंच-सचिव पर आरोप
  • ग्रामीणों की बढ़ी चिंता
  • सीईओ जनपद ने दिए जांच के आदेश

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय के करीब स्थित ग्राम पंचायत टिकरिया में भ्रष्टाचार का एक नया मामला सामने आया है, जिसने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। राज्य वित्त आयोग योजना के तहत सात लाख रुपये की लागत से बनी एक नवनिर्मित पुलिया निर्माण के महज एक महीने के भीतर ही क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसमें बड़ी दरारें आ गई हैं। पुलिया निर्माण कार्य में ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे है।

जानकारी अनुसार ग्राम पंचायत टिकरिया के ग्राम कटंगी में बड़े हार के पास पुलिया निर्माण कराया गया था, जिसका निर्माण कार्य 12 मार्च 2025 को स्वीकृत हुआ था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिया के निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है और सरपंच-सचिव ने व्यक्तिगत लाभ के लिए गुणवत्ता से समझौता किया है। यह पहली बार नहीं है जब टिकरिया के सरपंच-सचिव सुर्खियों में हैं, वे पहले भी बिना निर्माण के राशि निकालने और निर्माण कार्यों में निम्न गुणवत्ता को लेकर आरोपों का सामना कर चुके हैं।

ग्रामीणों की सुरक्षा खतरे में, जांच की मांग तेज 

पुलिया में आई दरारें स्पष्ट रूप से भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की ओर इशारा कर रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह न केवल सरकारी धन का दुरुपयोग है, बल्कि उनकी सुरक्षा को भी खतरे में डाल रहा है। क्षतिग्रस्त पुलिया कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। फिलहाल बारिश का सीजन भी शुरू हो गया है, और यह पुलिया इस बारिश को झेल पाती है कि नहीं, यह देखना है।

इनका कहना है

आपके द्वारा मामला संज्ञान में लाया गया है, पुलिया निर्माण की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिभा शुक्ला, सीईओ
जनपत पंचायत, मंडला



 

Leave a Comment