आज पूरा विश्व भारतीय योग विधा को स्वीकार कर रहा
- मंडला भाजपा कार्यालय में मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
- कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने किया योगाभ्यास
- योग के बाद किया वृक्षारोपण
मंडला महावीर न्यूज 29. अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला भाजपा कार्यालय, मंडला में एक भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मध्य प्रदेश की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके की उपस्थिति में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़े उत्साह और भव्यता के साथ योग दिवस मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ भगवती के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद बैशाखू नंदा ने भारत माता को समर्पित हे जन्मभूमि, हे कर्मभूमि भारत संगीत प्रस्तुत किया। योग शिक्षक प्रमोद दुबे, डॉ. सीमा भवेदी, डॉ. प्रियंका धुर्वे और रुबीना सिंह ने योग के लाभ बताते हुए कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को योगाभ्यास और प्राणायाम कराया।

इस अवसर पर मंडला विधायक और कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग न केवल शारीरिक व्यायाम है, बल्कि यह मानसिक शांति और तनाव मुक्ति में भी सहायक है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने इसे गौरव का विषय बताते हुए कहा कि पूरा विश्व आज भारतीय योग विधा को स्वीकार कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे प्रतिदिन योग करें जिससे शरीर स्वस्थ और मन शांत रहे।

योग दिवस प्रभारी अखिल सिहारे ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले के प्रत्येक मंडल में योग दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सदैव योग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में संपतिया उइके, प्रफुल्ल मिश्रा, डॉ. संजय कुशराम, विनोद कछवाहा सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। योग कार्यक्रम के बाद नेहरू स्मारक स्थित न्यायाधीश आवासीय परिसर में जिला भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया।










