सामूहिक बलात्कार के आरोपियों के घर चलाया जाए बुलडोजर
- आदिवासी महापंचायत ने मंडला में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर उठाई आवाज
- संवेदनशील और घटनाकारित चिन्हित क्षेत्रों में पुलिस सुरक्षा बढ़ाने की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में आदिवासी बेटियों और महिलाओं के साथ बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर आदिवासी महापंचायत गढ़ा-मंडला ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपा। महापंचायत ने डिंडौरी से मंडला आई एक आदिवासी युवती के साथ हाल ही में हुए सामूहिक बलात्कार और अपहरण की घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि डिंडौरी की एक आदिवासी युवती के साथ नेशनल हाईवे 30 पर चार लोगों ने सामूहिक बलात्कार किया और बाद में उसे छिंदवाड़ा जिले ले जाकर उसका अपहरण कर लिया। इसके साथ ही हाल ही में ग्राम कटरा स्थित कम्प्यूटर सेंटर के सामने से कन्या छात्रावास में रहने वाली एक आदिवासी छात्रा को दिनदहाड़े अगवा करने की घटना भी सामने आई थी। महापंचायत ने कहा कि जिले में लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जो पुलिस सुरक्षा, निगरानी और नियंत्रण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
कड़ी सुरक्षा और निगरानी की मांग
आदिवासी महापंचायत ने कहां कि मंडला जिला मुख्यालय में जिले के अधिकांश गांवों से छात्राएं और महिलाएं प्रतिदिन अपने कार्यों के लिए आती-जाती रहती हैं। देर रात बस या अन्य साधन न मिलने पर उन्हें भटकना पड़ता है, जिसकी कमी का फायदा उठाकर अपराधी दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। महापंचायत ने सरकारी कन्या छात्रावासों और निजी किराए के कमरों में रहने वाली छात्राओं की कड़ी सुरक्षा, निगरानी और नियंत्रण व्यवस्था सुनिश्चित करने की पूर्ण जिम्मेदारी पुलिस विभाग की बताई। महापंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने अपने ज्ञापन में मांग की है कि सामूहिक बलात्कार के आरोपियों के घरों पर मध्यप्रदेश और देश के अन्य हिस्सों की तरह बुलडोजर चलाया जाए। इसके साथ ही संवेदनशील और घटनाकारित चिन्हित क्षेत्रों में पुलिस सुरक्षा और निगरानी बढ़ाई जाए। महापंचायत ने कहा कि जिस समय या दिन या रात में जिसकी ड्यूटी क्षेत्र में कोई घटना घटित होती है, तो उस ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
घटनाओं की पुर्नरावृत्ति होने पर जन आंदोलन की दी चेतावनी
आदिवासी महापंचायत गढ़ा-मंडला ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी दिनों में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होती है, तो पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन के विरोध में बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जवाबदेही पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन की होगी। इस दौरान आदिवासी महापंचायत गढ़ा मंडला के समस्त पदाधिकारी व सदस्यगण उपस्थित रहे।












