घर से तीन लाख की चोरी और की तोडफ़ोड़
- कालपी में चोरी के बाद धमकी, पुलिस में शिकायत दर्ज
मंडला महावीर न्यूज 29. नेशनल हाईवे 30 मार्ग में बसे ग्राम कालपी में सोमवार को चोरी की वारदात के साथ घर में तोडफ़ोड़ की गई। पीडि़त कालपी निवासी संदीप नामदेव पिता ज्ञानचंद नामदेव 43 वर्ष ने बीजाडांडी पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 16 जून को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उनके घर से तीन लाख रुपये की चोरी और घर के सामान के साथ तोडफ़ोड़ की गई है। बीजाडांडी थाना प्रभारी को दिए गए लिखित आवेदन में संदीप नामदेव ने बताया है कि अज्ञात व्यक्तियों ने लूट के इरादे से उनके घर में जबरन प्रवेश किया। उन्होंने अलमारी से करीब 3 लाख रुपये चोरी कर लिया और संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया है।
संदीप नामदेव ने पुलिस को बताया कि 16 जून को जब वह और उनका परिवार घर पर नहीं थे, तो कुछ महिलाएं और पुरुषों सहित व्यक्तियों के एक समूह ने एनएच 30 रोड कालपी स्थित उनके निवास में प्रवेश किया।
उन्होंने बताया कि कालपी के ग्राम समनापुर पौंडी रैयत के लोगों द्वारा हाईवे में चक्का जाम किया गया था और मुझे और पुलिस के विरूद्ध नारेबाजी कर रहे थे। इन्हीं भीड़ में से कुछ महिला, पुरूष द्वारा प्रदर्शन स्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित मेरे घर में घुस कर कांच के दरवाजे और खिड़कियां तोड़ दीं, पिछले दरवाजे से अंदर घुस गए और घर को तहस-नहस कर दिया। उन्होंने अलमारी को निशाना बनाया, उसे तोड़कर तीन लाख रुपये नकद चुरा लिए। संदीप नामदेव ने बताया कि जाते समय लोग बोल रहे थे कि संदीप नामदेव मिला नहीं, मिलता तो जान से मार देते, धमकी देते हुए चले गए। इस दौरान संदीप और उसका परिवार घर में मौजूद नहीं था।
शिकायत में आगे बताया गया है कि लोगों द्वारा उनके घर में एक सोफा एक अलमारी, एक कूलर और कांच का दरवाजा क्षतिग्रस्त होने के साथ घर का अन्य और सामान भी टूटा ओर बिखरा पड़ा था। संदीप नामदेव ने कहा कि जब वह घर लौटे और नुकसान देखा तो उन्हें गहरा सदमा लगा। उन्होंने बताया कि उनकी पड़ोसी भूरी बाई यादव, धनेश्वरी मसराम, जगदीश तेकाम और कई अन्य लोगों ने इस घटना देखा है। जिसके बाद बीजाडांडी थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई गई।










