नेशनल हाईवे पर बह रहा पानी

लापरवाही की पराकाष्ठा, 3 साल से फूटी पाइप लाइन से लाखों गैलन पानी बर्बाद

  • नारायणगंज प्रशासन मौन, नेशनल हाईवे पर बह रहा पानी, ग्रामीण बूंद-बूंद को मोहताज

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के ब्लाक नारायणगंज के ग्राम पंचायत पटेहरा में प्रशासनिक लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ पिछले तीन सालों से एक फूटी हुई पाइपलाइन से लाखों गैलन पानी लगातार बर्बाद हो रहा है। यह स्थिति तब है जब ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं और भीषण गर्मी में जल संकट का सामना कर रहे हैं। बताया गया कि यह पाइपलाइन नेशनल हाईवे पर स्थित है और इसमें पिछले तीन वर्षों से एक दरार है, जिससे पानी लगातार सड़क पर बह रहा है। इस बर्बादी के कारण पीने का पानी ग्रामीणों तक नहीं पहुँच पा रहा है। ग्राम पंचायत पटेहरा के जिम्मेदारों को इस समस्या के बारे में बार-बार सूचित किया गया है, लेकिन वे इसे ठीक करने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहे हैं।

बताया गया कि गर्मियों के दिनों में जब भूजल स्तर स्वाभाविक रूप से कम हो जाता है, तब यह लीकेज ग्रामीणों के लिए और भी बड़ी समस्या बन जाती है। ग्रामीणों ने कई बार संबंधितों से गुहार लगाई है और इस पाइपलाइन को सुधारने का निवेदन किया है, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन से पानी का लगातार रिसाव न केवल पानी की बर्बादी है, बल्कि इससे सड़क पर पानी जमा होने से आवागमन में भी परेशानी होती है। इस गंभीर लापरवाही के कारण पटेहरा ग्राम पंचायत के लोग जल संकट से जूझ रहे हैं, जबकि प्रशासन इस पर पूरी तरह से मौन है।


 

Leave a Comment