निवास में चोरों का आतंक जारी-सूने मकान से लाखों के जेवर और नकदी पार
- खेरमाई वार्ड में 2.30 लाख नकद और लाखों के जेवर चोरी, पुलिस जांच में जुटी
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास नगर और आसपास के क्षेत्रों में चोरी की वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। निवास नगर के खेरमाई वार्ड नंबर 12 में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। बताया गया कि समी फुटवेयर के संचालक शुऐव खान उर्फ मोनू के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया।
जानकारी अनुसार बुधवार शाम को शुऐव खान और उनका परिवार एक कार्यक्रम में शामिल होने जबलपुर गया हुआ था। देर रात जब वे घर लौटे, तो देखा कि सामने गेट के ताले टूटे हुए थे। अंदर जाकर देखने पर अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ मिला और कपड़े बिखरे पड़े थे। अलमारी से नकदी और जेवरात गायब थे। मकान मालिक शुऐव खान ने बताया कि लगभग आठ तोला सोना और लगभग 15 तोला चांदी अलमारी में रखे हुए थे, इसके साथ ही दो लाख तीस हजार रुपये नकद भी गायब हुए हैं। घटना की जानकारी तत्काल निवास पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही निवास पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
लेंटर के लिए रखे थे 2.30 लाख रुपये
शुऐव खान की फुटवेयर की दुकान शतचंडी मार्केट में स्थित है। खेरमाई मोहल्ले में उनके मकान पर सेकंड फ्लोर का निर्माण भी चल रहा है। मकान मालिक ने बताया कि लेंटर की तैयारियों के लिए उन्होंने दुकान के पैसों के साथ-साथ अन्य जगहों से पैसे इक_ा कर लगभग 2 लाख 30 हजार रुपये अलमारी में रखे हुए थे, जिससे मटेरियल और लेबर का भुगतान किया जा सके। हालांकि अज्ञात चोर लाखों के कीमती जेवरात के साथ यह नकदी भी ले उड़े। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।













