समर कैंप में बच्चे जुंबा, स्पोकन इंग्लिश, शास्त्रीय नृत्य में हुए पारंगत
- पीएम श्री कन्या उमा विद्यालय में समर कैंप का आयोजन
- पेंटिंग के साथ अन्य राज्य की भाषा, ढोलक वादन भी सीखें
मंडला महावीर न्यूज 29. शासकीय पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महाराजपुर में आयोजित 20 दिवसीय समर कैंप का उत्साह पूर्वक समापन किया गया। प्राचार्या विभा मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कैंप में छात्राओं ने अकादमिक गतिविधियों के साथ रचनात्मक और सृजनात्मक कला कौशल विकास का प्रशिक्षण प्राप्त किया। समर कैंप में विद्यार्थियों ने विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा को निखारा। कंचन झारिया के मार्गदर्शन में छात्राओं ने नृत्य कला, कत्थक और जुंबा का प्रशिक्षण लिया। अंकिता ताम्रकार ने लिंपन आर्ट, पेंटिंग और स्केचिंग की बारीकियां सिखाईं, वहीं सोनम गुरवानी ने केनवास, स्टोन, बोतल फैब्रिक, दिया, अखरोट, टिशू पेपर वॉल और टी-शर्ट सहित विभिन्न कलाकृतियां बनाना सिखाया। संगीत के शौकीन विद्यार्थियों ने रवि शंकर ठाकुर से ढोलक बजाना सीखा, जबकि हर्षित यादव के मार्गदर्शन में इंग्लिश स्पोकन का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
बताया गया कि विद्यालय प्रबंधन ने इन सभी विधाओं के लिए कुशल प्रशिक्षकों को आमंत्रित किया था। जिन्होंने पूरी लगन और कुशलता के साथ विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया। विद्यालय के शिक्षकों ने भी समर कैंप में उपस्थित होकर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि सुरेंद्र कुमार जैन, पार्षद प्रीति राय, प्रभारी प्राचार्य रवीन्द्र चौरसिया, शिक्षिका लता गुरवानी और स्कूल प्रबंधन की उपस्थिति रही। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और उनके द्वारा बनाई गई कलात्मक वस्तुओं के प्रदर्शन ने सभी का मन मोह लिया। शिविर में भाग लेने वाली सभी छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया, जिससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई।











