बच्चों को अपने जीवन के महत्वपूर्ण कौशलों की पहचान करने की पहल
- तिलई में 10 दिवसीय सक्षम जीवन कौशल समर कैंप शुरू
मंडला महावीर न्यूज 29. जनजातीय कार्य विभाग और मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में मंडला जिले के नैनपुर विकासखंड के ग्राम तिलई में एक 10 दिवसीय सक्षम जीवन कौशल समर कैंप का शुभारंभ किया गया है। पंचायत और हाई स्कूल तिलई के सहयोग से आयोजित इस कैंप का उद्देश्य बच्चों को अपने जीवन के महत्वपूर्ण कौशलों की पहचान करने और रचनात्मक कार्य करने में मदद करना है। कम्युनिटी यूथ लीडर गीतांजलि धुर्वे ने पहले दिन गतिविधियों की शुरुआत परिचय पत्र बनाने और गिरे हुए पत्तों से कलाकृतियां तैयार करने के साथ की। यह समर कैंप 10 दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन 2 घंटे बच्चों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जीवन के महत्वपूर्ण आयामों की समझ विकसित की जाएगी।
मास्टर ट्रेनर संजय सिंगौर ने बताया कि इस कैंप में बच्चों को सूखे पत्ते, कागज, मिट्टी और अनुपयोगी वस्तुओं से खिलौने, सजावट का सामान और शिक्षण सहायक सामग्री बनाना सिखाया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों को गोंडी आर्ट पेंटिंग भी सिखाई जाएगी और उन्हें अपने नाना-नानी, दादा-दादी से सुनी कहानियों का संग्रह करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस पहल को सफल बनाने में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सुभाष चतुर्वेदी, बीआरसी विजेंद्रधर द्विवेदी का मार्गदर्शन, प्रभारी प्राचार्य अनिल दुबे, जिला प्रोग्राम मैनेजर रोहित पाटिल और ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर विकास चंद्रोल का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।









