अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, पांच शातिर चोर गिरफ्तार

Advertisements

महाराजपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, पांच शातिर चोर गिरफ्तार

सूने मकानों की रेकी कर करते थे वारदात

  • महाराजपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा अंतर्राज्यीय चोर गिरोह
  • मंडला, डिंडोरी और जबलपुर के 24 से अधिक ठिकानों पर की थी सेंधमारी
  • सूरजपुरा में हुई चोरी का खुलासा करने उतरी पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी
  • 5 आरोपी गिरफ्तार, 21 लाख से अधिक की चोरियां कबूलीं

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की दिशा में महाराजपुर पुलिस को एक बड़ी और महत्वपूर्ण कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने ग्राम सूरजपुरा में हुई एक चोरी की वारदात की तफ्तीश करते हुए अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के 5 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने न केवल सूरजपुरा बल्कि मंडला जिले के विभिन्न थानों (निवास, मोहगांव, नैनपुर) सहित जबलपुर और डिंडोरी जिले में दो दर्जन से अधिक चोरियों की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपियों ने अब तक करीब 21.29 लाख रुपये से अधिक का माल उड़ाने की बात कबूली है।

सूरजपुरा की चोरी से खुला राज

इस पूरी कार्रवाई की शुरुआत 30 अक्टूबर 2026 को हुई एक चोरी की रिपोर्ट से हुई। ग्राम सूरजपुरा निवासी कमलेश धुर्वे (35 वर्ष) ने थाना महाराजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि दोपहर करीब 1:00 बजे वह अपनी पत्नी राजकली के साथ घर में ताला लगाकर अहमदपुर गया था। जब वे दोपहर 2:30 बजे वापस लौटे, तो घर के लोहे के गेट और मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अज्ञात चोरों ने पेटी में रखे 15 तोला वजन की चांदी की पायल, दो जोड़ी बिछिया और 2000 रुपये नकद (कुल कीमत लगभग 32,000 रुपये) पार कर दिए थे। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर पकड़ाए 5 संदिग्ध

पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी, एएसपी शिव कुमार वर्मा और एसडीओपी पीयूष मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सूरजपुरा गांव में 5 संदिग्ध युवक घूम रहे हैं, जिनके पास दो मोटरसाइकिलें हैं (एक हीरो HF डीलक्स MP 50 MV 0433 और एक बिना नंबर की होंडा SP 160)। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर पांचों युवकों को हिरासत में लिया।

सख्ती से पूछताछ में कबूले कई राज

हिरासत में लिए गए युवकों से जब पुलिस ने सख्ती (हिकमत अमली) से पूछताछ की, तो उन्होंने सूरजपुरा में चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सूने घर का ताला तोड़कर चांदी के जेवर और नकदी चुराए थे। लेकिन जब पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया, तो जो खुलासे हुए उसने पुलिस के भी कान खड़े कर दिए।

21 लाख से ज्यादा की चोरियां कबूलीं

आरोपियों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है जो गांवों और कस्बों में घूम-घूमकर रोड किनारे स्थित सूने घरों की रेकी करता था और फिर मौका पाकर वहां चोरी की घटना को अंजाम देता था। आरोपियों ने मंडला जिले में इन प्रमुख चोरियों को स्वीकार किया है:

  • थाना निवास: 5 स्थानों पर चोरी (बिझौली, पथर्री, और निवास के अन्य क्षेत्रों में), कुल मशरुका 12,73,000 रुपये।
  • थाना मोहगांव: 5 स्थानों पर चोरी (अंडिया रैयत, सालीवाड़ा, चुभावल, सहजर, खर्राछापर), कुल मशरुका 5,24,700 रुपये।
  • थाना नैनपुर: ग्राम अतरिया में चोरी, मशरुका 3,00,000 रुपये।

इसके अलावा, इन आरोपियों ने जबलपुर के बरेला थाना क्षेत्र और डिंडोरी के मेहंदवानी थाना क्षेत्र में भी कई चोरियां करने की बात स्वीकार की है। कुल मिलाकर आरोपियों ने 21,29,700 रुपये की चोरियां कबूली हैं।

गिरफ्तार किये गए आरोपी

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बालाघाट जिले के परसवाड़ा थाना अंतर्गत ग्राम शेरवार निवासी 4 युवक शामिल हैं-

  1. करन धुर्वे (20 वर्ष)
  2. विजय मरावी (28 वर्ष) – इसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट और छेड़छाड़ का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।
  3. मनोज धुर्वे उर्फ किसन (25 वर्ष)
  4. अरबेद उर्फ भूपेन्द्र धुर्वे (23 वर्ष, मूल निवासी कटनी)
  5. एक 16 वर्षीय अपचारी (विधि से संघर्षरत बालक)

जब्त सामग्री और आगे की कार्रवाई

पुलिस ने आरोपियों के पास से सूरजपुरा में चोरी की गई 15 तोला चांदी की पायल, दो जोड़ी बिछिया और घटना में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिलें (कुल कीमत 1,90,000 रुपये) जब्त कर ली हैं। पुलिस अब न्यायालय से आरोपियों की रिमांड लेकर मंडला, जबलपुर और डिंडोरी के अन्य मामलों में चोरी गए लाखों रुपये के माल (मशरुका) की बरामदगी के प्रयास करेगी।

कार्रवाई में इनका रहा योगदान

इस बड़े अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करने में निरीक्षक डॉ.जयसिंह यादव थाना प्रभारी महाराजपुर, निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह धुर्वे थाना प्रभारी निवास, निरीक्षक राजाराम बड़ौले थाना प्रभारी मोहगांव, निरीक्षक सतीश यादव चौकी प्रभारी हिरदेनगर, उनि. भीमराव मेश्राम, थाना निवास से उनि. पंकज विश्वकर्मा, सउनि. अरुण आर्मों सउनि. रमेश पाल, प्र.आर. विजय तेकाम, अमित गरयार, सिवचरन वाकड़े, सेवचरन नरेती, चंद्रकुमार वरकड़े, राजेश उइके, आरक्षक सुंदर भलावी, शिवा नाविक, हरिदास बिंझिया, संदीप पूसाम, प्रशांत अवस्थी, अरविंद बर्मन, बुध्दसेन, ज्ञानेन्द्र कौसिक, अभिनव दुबे, सायबर सेल से सुरेश भटेरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।


Leave a Comment