3 किलो से अधिक गांजे की तस्करी करता युवक गिरफ्तार

Advertisements

अर्टिगा कार से 3 किलो से अधिक गांजे की तस्करी करता युवक गिरफ्तार

घुघरी पुलिस की मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई

  • गल्ला मंडी के पास घेराबंदी कर पकड़ाया भोका देवरी का मूलचंद
  • थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र सेन के नेतृत्व में मिली सफलता

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम कसने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना घुघरी पुलिस ने विशेष सघन जांच अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने एक अर्टिगा वाहन से गांजे की तस्करी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3 किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद किया है।

मुखबिर की सटीक सूचना पर गल्ला मंडी में बिछाया जाल 

जानकारी अनुसार थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र सेन को मुखबिर तंत्र से सटीक सूचना मिली थी कि मूलचंद नामक एक व्यक्ति अर्टिगा कार में भारी मात्रा में गांजा रखकर घुघरी की ओर आ रहा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की रणनीति बनाई। पुलिस टीम ने गल्ला मंडी घुघरी के पास घेराबंदी कर वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी।

आरोपी गिरफ्तार, अर्टिगा कार भी जब्त 

कुछ ही देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए वाला अर्टिगा वाहन वहां पहुंचा, जिसे पुलिस टीम ने रोककर विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 3 किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से आरोपी मूलचंद साहू (पिता भजनलाल साहू, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम भोका देवरी) को धर दबोचा। इसके साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त की जा रही अर्टिगा कार को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

नशे के कारोबारियों पर लगातार कस रहा शिकंजा 

थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र सेन के नेतृत्व में घुघरी पुलिस इन दिनों नशे के अवैध कारोबारियों पर लगातार शिकंजा कस रही है। पुलिस की सक्रियता, मजबूत मुखबिर तंत्र और त्वरित कार्रवाई के चलते क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर काफी हद तक अंकुश लगा है। मादक पदार्थों के विरुद्ध मिली इस महत्वपूर्ण सफलता में घुघरी थाने के पुलिस स्टाफ का विशेष सहयोग और सराहनीय योगदान रहा।


रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️


Leave a Comment