जहरीली राख से 15 किसानों की फसलें बर्बाद, प्रभावितों ने कलेक्टर से की शिकायत
ओरिएंटल एथेनॉल कंपनी की लापरवाही
- निवास तहसील में खेतों में बिछी 2 फीट राख की परत
- मुआवजे और कंपनी पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर किसानों ने सौंपा ज्ञापन
- बिना अनुमति डंप की गई थी राख, बारिश में बहकर खेतों में फैली
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की निवास तहसील में ओरिएंटल एथेनॉल कंपनी की मनमानी और लचर कार्यशैली के कारण स्थानीय किसानों पर गंभीर संकट आ गया है। कंपनी द्वारा फेंके गए वेस्टेज मटेरियल राखड़ के कारण कई किसानों की खड़ी फसलें पूरी तरह से नष्ट हो गई हैं, जिसके विरोध में मंगलवार को प्रभावित किसानों ने मंडला जिला कलेक्टर को एक आवेदन पत्र सौंपकर हस्तक्षेप और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीडि़त किसानों ने बताया कि ओरिएंटल एथेनॉल कंपनी ने बिना किसी अनुमति के ग्राम ताकबेली निवासी सेमबाई पति स्व. पंचम मरावी के 3 एकड़ खेत में जहरीला वेस्टेज मटेरियल राख डंप कर दिया था। हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण यह राख बहकर आसपास के लगभग 15 अन्य किसानों के खेतों में फैल गई है। वर्तमान स्थिति यह है कि इन खेतों में 1.5 से 2 फीट तक राख की मोटी परत जम गई है।

बंजर होने की कगार पर जमीन, स्थानीय प्रशासन पर अनदेखी का आरोप
कंपनी की इस गंभीर लापरवाही की वजह से किसानों की खड़ी फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई हैं और उनकी उपजाऊ भूमि अब बंजर होने की कगार पर पहुंच गई है। प्रभावित किसानों का आरोप है कि इस संबंध में स्थानीय प्रशासन स्तर पर पूर्व में भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्हें जिला मुख्यालय का रुख करना पड़ा।
कलेक्टर को दिए गए आवेदन में किसानों ने पर्यावरण और कृषक हित में कड़े निर्देश जारी करने का आग्रह करते हुए मांग की है कि कंपनी के विरुद्ध उच्चस्तरीय जांच कर वैधानिक और दंडात्मक कार्रवाई की जाए। प्रभावित किसानों को नष्ट हुई फसलों तथा भविष्य की उपजाऊ क्षमता के नुकसान का पूरा मुआवजा दिलाया जाए। खेतों से तत्काल राख हटवाकर अन्य सुरक्षित स्थान पर उसका प्रबंधन किया जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान कुंवरो बाई, फुल्ला उरेती, महा सिंह उरेती, विशाल, लीलावती, कोदूवान, चम्पा सिंह, सन्तु और नोहर समेत अन्य किसान मौजूद रहे।











