लाइट चालू करते ही महिला के सामने फुफकारने लगा कोबरा

Advertisements

लाइट चालू करते ही महिला के सामने फुफकारने लगा कोबरा

घर के अंदर निकला 5 फीट लंबा खतरनाक नाग

  • सर्प मित्र ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
  • आधे घंटे के सर्चिंग ऑपरेशन के बाद पकड़ा गया सांप

मंडला महावीर न्यूज 29. निवास मुख्यालय से करीब 7 किलोमीटर दूर ग्राम सिंहपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर में भारतीय नाग कोबरा निकल आया। घटना के समय घर की एक महिला लाइट चालू करने गई थी, इसी दौरान अचानक उसकी नजर इस खतरनाक सांप पर पड़ी। सांप को देखते ही महिला घबराकर चीख पड़ी और तुरंत घर के अन्य सदस्यों को इक_ा कर इसकी जानकारी दी। घर के अंदर इतने बड़े सांप की मौजूदगी से परिजनों में दहशत फैल गई। आनन-फानन में परिजनों ने निवास के सर्प मित्र रंजीत ठाकुर को फोन पर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही रंजीत ठाकुर तत्काल मौके पर पहुंचे और सांप की सर्चिंग ऑपरेशन शुरू की। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद, घर के एक कोने में रखे सामान, लकडिय़ों और बोरियों को हटाया गया। बोरी हटाते ही वहां लगभग 5 फीट लंबा भारतीय नाग फुफकारता हुआ नजर आया। सर्प मित्र रंजीत ठाकुर ने पूरी सावधानी बरतते हुए इस खतरनाक सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया और बाद में उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में ले जाकर छोड़ दिया। सांप के पकड़े जाने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।

अंधविश्वास से बचें, अस्पताल में कराएं इलाज 

रेस्क्यू के बाद सर्प मित्र ने बताया कि यह स्पेक्टाकल्ड कोबरा प्रजाति का सांप है। इसे हिंदी में भारतीय नाग, काला नाग और कुछ क्षेत्रों में गेहूंअन सर्प भी कहा जाता है। इस सांप में न्यूरोटॉक्सिन नामक बेहद खतरनाक जहर पाया जाता है। उन्होंने आम जनमानस से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को सांप काट लेता है, तो अंधविश्वास, झाड़-फूंक या ओझा-गुनिया के चक्कर में बिल्कुल न पड़ें। सर्पदंश की स्थिति में पीडि़त को तत्काल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं। सर्पदंश से बचने का एकमात्र कारगर उपाय एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन ही है।


Leave a Comment