राज्य स्तरीय अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए जिले के 4 होनहार खिलाडिय़ों का चयन

राज्य स्तरीय अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए जिले के 4 होनहार खिलाडिय़ों का चयन

  • संभाग स्तरीय खेल में शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम
  • छतरपुर में मंडला का प्रतिनिधित्व करेंगे ये 4 उभरते फुटबॉलर

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर अपनी काबिलियत का परचम लहराया है। आगामी 26 सितंबर से 30 सितंबर तक छतरपुर जिले में आयोजित होने वाली 70वीं राज्य स्तरीय शालेय अंडर-14 बालक फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए मंडला जिले के चार प्रतिभावान खिलाडिय़ों का चयन किया गया है। ये होनहार खिलाड़ी इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय स्पर्धा में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

चयनित खिलाडिय़ों में माउंटफोर्ट स्कूल के होनहार छात्र अर्जुन बाजपेई, दिव्यांश उइके और प्रकाश कुमार राणा शामिल हैं। वहीं, रॉयल की पब्लिक स्कूल के छात्र मैत्रेय सुरजुसे ने भी अपने बेहतरीन खेल के दम पर राज्य स्तरीय टीम में अपनी जगह पक्की की है।

छिंदवाड़ा में दिखाया था उत्कृष्ट खेल 

फुटबॉल प्रशिक्षक पंकज उसराठे ने इस उपलब्धि पर जानकारी देते हुए बताया कि 10 से 12 अगस्त के बीच छिंदवाड़ा में संभाग स्तरीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में मंडला जिले की अंडर-14 टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया था और टीम उपविजेता रही थी। इसी प्रतियोगिता में इन चारों खिलाडिय़ों के उत्कृष्ट व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर ही इनका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

शुभकामनाओं का लगा तांता 

जिले के इन युवा खिलाडिय़ों की इस बड़ी उपलब्धि पर खेल और शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है। जिला शिक्षा अधिकारी मुन्नी वरकड़े, जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष डॉ. दिलीप शर्मा, जिला खेल अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा, खेल प्रभारी कन्हीलाल मरकाम, माउंटफोर्ट स्कूल के प्राचार्य ब्रदर बिनु चेरियन, रॉयल की पब्लिक स्कूल के प्राचार्य गोरी दास सहित रामकृष्ण सेवाश्रम के स्वामी शारदात्मानन्द महाराज और नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब के समस्त सदस्यों व खेल प्रेमियों ने चयनित खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


 

Leave a Comment