चूहे के बिल में पानी डालते ही निकला 4 फीट का खतरनाक नाग
निवास के संग्रामपुर में घर के अंदर घुसा कोबरा
- सर्पमित्र रंजीत ठाकुर ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
- बारिश में लोगों से की सतर्क रहने की अपील
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास मुख्यालय से 9 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम संग्रामपुर सकरी में एक घर के अंदर खतरनाक कोबरा निकलने से हड़कंप मच गया। ब्राह्मण नगरी के नाम से पहचाने जाने वाले इस गांव में रहने वाले सेल्समैन नरेश मिश्रा के घर में अचानक यह कोबरा दिखाई दिया था। आनन-फानन में परिवार ने निवास निवासी सर्पमित्र रंजीत ठाकुर को इसकी सूचना दी।
बताया गया कि सूचना मिलते ही सर्पमित्र रंजीत ठाकुर बारिश के बीच तत्काल मौके पर पहुंचे। घर के अंदर मुआयना करने पर शुरुआत में सांप कहीं नजर नहीं आया। खोजबीन के दौरान ड्रम के पीछे चूहे का एक गहरा बिल दिखाई दिया। सर्पमित्र ने अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए उस बिल की थोड़ी खुदाई की और उसमें पानी भर दिया। पानी भरते ही कुछ ही देर में बिल के अंदर से लगभग 4 फीट लंबा खतरनाक भारतीय नाग बाहर निकल आया, जिसे देखकर परिवार वाले हैरान रह गए। सर्पमित्र ने फुर्ती दिखाते हुए नाग का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे आबादी से दूर जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।

सर्पमित्र की अपील, बारिश में बरतें सावधानी
रेस्क्यू के बाद सर्पमित्र रंजीत ठाकुर ने ग्रामवासियों से अपील करते हुए कहा कि मौसम खराब होने और बारिश के कारण अक्सर जीव-जंतु सुरक्षित ठिकाने की तलाश में घरों तक पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से सावधानियां बरतने की अपील की है। उन्होंने कहां कि घर के चारों ओर साफ-सफाई रखें। रात के वक्त अंधेरे में नंगे पैर बाहर न निकलें। सोते समय हमेशा मच्छरदानी का प्रयोग करें। जूते-चप्पल पहनने से पहले उन्हें अच्छी तरह झाड़कर चेक कर लें। सतर्कता ही बचाव है, इसलिए सभी ग्रामीण सावधानी रखें, स्वस्थ रहें और सुरक्षित रहें।










