बाबा देवरी में बिजली बिल न भरने से नल-जल योजना ठप
ग्रामीण बरसात का दूषित पानी पीने को मजबूर
- पंचायत की लापरवाही, ग्रामीणों ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
- पेयजल व्यवस्था बहाल न होने पर दी चक्का जाम की चेतावनी
मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत नारायणगंज के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत देवरी के ग्राम बाबा देवरी में इन दिनों जल संकट व्याप्त है। पंचायत द्वारा बिजली का बिल जमा न किए जाने के कारण विद्युत विभाग ने नल-जल योजना का कनेक्शन काट दिया है। विगत एक माह से नलजल योजना बंद होने के कारण ग्रामीण बरसात का दूषित पानी या फिर गांव से मीलों दूर स्थित कुएं से पानी लाकर अपनी प्यास बुझाने को विवश हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लगे हैंडपंपों की स्थिति भी जर्जर है और उनसे पानी नहीं निकल रहा है। स्वच्छ पेयजल के अभाव में ग्रामीण मजबूरीवश बरसात का गंदा पानी पी रहे हैं। इससे लोगों और पढऩे-लिखने वाले स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर गहरा प्रभाव पड़ रहा है। दूषित पानी के कारण गांव में जलजनित बीमारियों के फैलने की पूरी आशंका बनी हुई है।
राशि वसूली लेकिन बिल नहीं भरा, भ्रष्टाचार के आरोप
ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों पर आरोप लगाए हैं कि पंचायत ने नल-जल योजना के नाम पर उपभोक्ताओं से 500 रुपये की सिक्योरिटी राशि जमा कराई है। साथ ही हर महीने 60 रुपये जलकर भी वसूला जा रहा है। इसके बावजूद बिजली का बिल जमा नहीं किया गया, जो पंचायत द्वारा राशि के दुरुपयोग की ओर इंगित कर रहा है। लोगों का कहना है कि पंचायत मूलभूत सुविधाओं पर खर्च न करके फर्जी बिल और वाउचर लगाकर राशि आहरित कर रही है। नवीन पंचायत भवन में लाखों रुपये की लागत से लगाई गई सौर ऊर्जा लाइट के बिल और पंचायत के विगत 3 वर्षों के पूरे लेखा, जोखा की जांच की मांग की है।
जनप्रतिनिधि नदारद, नेशनल हाईवे जाम करने की दी चेतावनी
ग्रामीणों का कहना है कि जल संकट की इस विकराल समस्या को लेकर सरपंच और सचिव को कई बार फोन किया गया, लेकिन वे न तो फोन उठाते हैं और न ही समस्या का कोई समाधान निकाल रहे हैं। पंचायत की इस घोर लापरवाही से आक्रोशित जनता ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो वे नेशनल हाईवे पर चक्का जाम करने को विवश होंगे। इसके साथ ही यदि दूषित पानी से गांव में कोई बीमारी फैलती है, तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी ग्राम पंचायत की होगी।
इनका कहना है
विगत एक माह से गांव में पीने का साफ पानी नहीं मिल रहा है। पंचायत द्वारा बिजली का बिल जमा नहीं किया गया, जिसके कारण नल-जल योजना का कनेक्शन काट दिया गया है। लोग मजबूरी में प्रदूषित पानी पी रहे हैं, जिसका उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
करीब एक माह से पेयजल की समस्या बनी हुई है, इस समस्या के लिए संबंधित लोगों और सीएम हेल्पलाईन में भी शिकायत की गई है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। जल्द से जल्द पेयजल समस्या का समाधान किया जाए, जिससे पानी के लिए परेशान हो रहे ग्रामवासियों को राहत मिल सके।












