मनेरी औद्योगिक क्षेत्र में निकला 13 फीट लंबा विशालकाय अजगर
सर्प मित्र ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
- साहू किराना स्टोर में छिपा था 20 किलो वजनी अजगर
- वन क्षेत्र में सुरक्षित छोड़कर बचाई गई प्राकृतिक धरोहर
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के निवास मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम मनेरी औद्योगिक क्षेत्र में एक विशालकाय अजगर निकलने से हड़कंप मच गया। यह अजगर मनेरी इंडस्ट्रियल एरिया के गेट नंबर 2 के पास स्थित साहू किराना स्टोर में छिपा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही सर्प विशेषज्ञ को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने सुरक्षित रूप से अजगर का रेस्क्यू कर लोगों को राहत दिलाई।
जानकारी अनुसार स्थानीय निवासी राजुल सिंह चौहान के माध्यम से निवास के सर्प मित्र रंजीत ठाकुर को इस घटना की सूचना दी गई थी। सूचना पाते ही सर्प मित्र रंजीत ठाकुर तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्होंने अपनी सूझबूझ से विशालकाय अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। पकड़े गए इस भारी-भरकम अजगर की लंबाई लगभग 13 फीट और वजन 18 से 20 किलोग्राम के बीच था।
बताया गया कि सर्प मित्र रंजीत ठाकुर द्वारा सफलतापूर्वक रेस्क्यू किए जाने के बाद इस विशाल और पूर्ण रूप से स्वस्थ अजगर को बस्ती से दूर उसके अनुकूल प्राकृतिक वातावरण जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इस त्वरित कार्रवाई से जहां स्थानीय लोगों का डर दूर हुआ, वहीं वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर को भी सुरक्षित बचा लिया गया।










