उफनाते नाले को पार करते मवेशियों का वीडियो वायरल

उफनाते नाले को पार करते मवेशियों का वीडियो वायरल

तेज बहाव में बहे कई जानवर, पुल की मांग तेज

  • मोहगांव ब्लाक के ग्राम पंचायत मचला में जानलेवा सफर
  • उफनता नाला पार करने को मजबूर मवेशी
  • वायरल वीडियो ने खोली दावों की पोल

मंडला महावीर न्यूज 29. निवास विधानसभा क्षेत्र के मोहगांव ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत मचला में एक उफनाते नाले को पार करते मवेशियों का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है। गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो ने क्षेत्र में पुल न होने से उपजी गंभीर समस्या को एक बार फिर उजागर कर दिया है। जानकारी अनुसार वायरल वीडियो ग्राम पंचायत मचला के वार्ड क्रमांक 8 स्थित आली टोला का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पानी के तेज बहाव के बीच एक दर्जन से अधिक मवेशी जान जोखिम में डालकर नाला पार कर रहे हैं। इस दौरान कुछ मवेशी पानी के तेज बहाव में बहते हुए भी दिखाई दे रहे हैं, जो स्थिति की भयावहता को दर्शाता है।

लंबे समय से की जा रही है पुल की मांग 

ग्रामीणों ने बताया कि आली टोला में इस नाले पर पुल निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। बारिश के दिनों में यह नाला अक्सर उफान पर रहता है। ऐसे में जंगल में चरने जाने वाले मवेशियों को मजबूरी में इसी नाले को पार करना पड़ता है, जिससे हर दिन बड़ी दुर्घटना का खतरा मंडराता रहता है।

पशुपालकों को उठाना पड़ता है आर्थिक नुकसान 

ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के मौसम में कई बार मवेशी इस तेज बहाव में फंसकर अपनी जान गंवा चुके हैं। इससे गरीब किसानों और पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुरजोर अपील की है कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नाले पर जल्द से जल्द पुल का निर्माण कराया जाए, जिससे मवेशियों और ग्रामीणों को इस जानलेवा खतरे से निजात मिल सके।


Leave a Comment