गायत्री परिवार की जिला स्तरीय बैठक संपन्न
- संगठन को मजबूती देने तहसील समिति का हुआ गठन
- विचार क्रांति अभियान में आएगी तेजी
- हर प्रज्ञा पीठ और शक्तिपीठ में अनिवार्य रूप से होगी मासिक बैठक
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज विकासखंड में अखिल विश्व गायत्री परिवार की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला और तहसील स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने शिरकत की, जिसका मुख्य उद्देश्य मिशन की गतिविधियों का विस्तार करना और संगठन को निचले स्तर तक सक्रिय बनाना था।
बैठक में मंडला जिला संयोजक हरिकेश दुबे ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार के सिद्धांतों और विचार क्रांति अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए कार्यकर्ताओं का सक्रिय होना अनिवार्य है। इसी क्रम में तहसील समिति का गठन किया गया और नवीन कार्यकारिणी की घोषणा की गई।
नियमित बैठक का लिया निर्णय
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि भविष्य में संगठन की कार्यप्रणाली को सुचारु रखने के लिए हर प्रज्ञा पीठ और शक्तिपीठ में अनिवार्य रूप से मासिक बैठक आयोजित की जाएगी। इससे स्थानीय स्तर की समस्याओं का निराकरण होगा और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने में सुगमता होगी।
वरिष्ठजनों ने साझा किये विचार
बैठक के दौरान गायत्री शक्ति मंडल से संदीप साहू, सहायक मुख्य प्रबंध ट्रस्टी एस मरकाम, पूर्व मुख्य प्रबंध ट्रस्टी (मंडला) रामजी चंदेल, जयंत वर्मा, रजत और उत्तम चंद्रमा काले सहित अन्य वरिष्ठ जनों ने अपने विचार साझा किए। सभी पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से समाज उत्थान और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का संकल्प दोहराया। कार्यकारिणी के नवनियुक्त सदस्यों ने विश्वास दिलाया कि वे पूरी निष्ठा के साथ गायत्री परिवार के सेवा कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।









