अवैध शराब के अड्डों पर ताबड़तोड़ दबिश, 19 प्रकरण दर्ज

मंडला पुलिस की बड़ी कार्रवाई

4 हजार किलो से अधिक महुआ लाहन नष्ट, 150 लीटर कच्ची शराब जब्त

  • अवैध शराब के अड्डों पर ताबड़तोड़ दबिश, 19 प्रकरण दर्ज
  • अकेले महाराजपुर में 4 लाख रुपये का लाहन किया गया नष्ट

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 8 सितंबर को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन दबिश देकर पुलिस ने शराब बनाने के लिए तैयार 4,045 किलोग्राम महुआ लाहन नष्ट किया है। इस दौरान कुल 19 प्रकरण दर्ज कर 150 लीटर कच्ची महुआ शराब और 75 पाव देशी-अंग्रेजी शराब जब्त की गई।

मड़ईजर में 5 शराब अड्डों पर दबिश 

सबसे बड़ी कार्रवाई महाराजपुर थाना क्षेत्र में हुई। एसडीओपी पीयूष मिश्रा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी डॉ. जयसिंह यादव के नेतृत्व में ग्राम मड़ईजर में नालों के किनारे चल रहे 5 अवैध शराब निर्माण अड्डों पर पुलिस ने छापा मारा। यहाँ 385 प्लास्टिक डिब्बों में भरा लगभग 3,850 किलो महुआ लाहन मिला, जिसे पुलिस ने नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया। नष्ट किए गए लाहन की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये है। पुलिस ने शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन और चूल्हे भी तोड़ दिए।

कोतवाली, बीजाडांडी और हिरदेनगर में भी सघन जांच 

थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी खैरी, गोंझी और बड़ी गोंझी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 8 प्रकरणों में 89 लीटर कीमत 10,900 रुपये कच्ची शराब जब्त की। थाना बीजाडांडी पुलिस ने ग्राम चौरई, पौड़ी रैयत और बीजाडांडी में दबिश देकर कच्ची शराब के 4 मामलों में 36 लीटर तथा देशी-अंग्रेजी शराब के 3 मामलों में 75 पाव शराब जब्त की, साथ ही 135 किलो लाहन नष्ट किया। चौकी हिरदेनगर पुलिस ने रामनगर और चौगान क्षेत्र में 4 मामलों में 25 लीटर कीमत 3,750 रुपये कच्ची शराब जब्त कर 60 लीटर लाहन नष्ट किया। इस कार्रवाई में कोतवाली टीआई शफीक खान, महाराजपुर टीआई डॉ. जयसिंह यादव, बीजाडांडी टीआई अनीता कुड़ापे, हिरदेनगर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हरछठ ठाकुर सहित उप निरीक्षक नागेन्द्र पटेल, रूपराम झारिया, मुरारी धुर्वे और राजकुमार झरिया व उनकी टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Leave a Comment