अंजनियां वन क्षेत्र में बाघिन की मौत से सनसनी
- आपसी संघर्ष नहीं करंट बना बाघिन की मौत का कारण
- 14 से 16 माह की बाघिन का मिला शव
- पोस्टमार्टम में खुलासा, जांच के लिए बिछाया गया घेरा
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के अंजनियां वन परिक्षेत्र में एक बाघिन की मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार शाम को अंजनियां बीट के जंगल में गश्त के दौरान वनकर्मियों को बाघिन का शव मिला, जिसके बाद पूरे महकमे में हड़कंप मच गया। शनिवार को हुए पोस्टमार्टम के बाद यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि बाघिन की मौत आपसी संघर्ष में नहीं, बल्कि बिजली के करंट की चपेट में आने से हुई है।
बताया गया कि घटना की सूचना मिलते ही पूर्व सामान्य वनमंडल की डीएफओ प्रीता एसएम सहित डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के कारण शुक्रवार को केवल प्राथमिक जांच ही की जा सकी थी। शुरुआती तौर पर बाघिन के शरीर के पिछले हिस्से में चोट और सडऩ के निशान मिलने पर यह आशंका जताई जा रही थी कि किसी अन्य बाघ के साथ हुए संघर्ष में उसकी जान गई होगी। हालांकि शनिवार सुबह वन्यजीव विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में स्थिति साफ हो गई। रिपोर्ट के अनुसार लगभग 14 से 16 माह की इस मादा बाघिन की मौत करंट लगने से हुई है।
दोषियों की तलाश में 4 किमी का घेरा
बाघिन की मौत को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने तत्काल जांच टीम गठित कर दी है। डीएफओ प्रीता एसएम ने बताया कि घटना स्थल के आसपास चार किलोमीटर के दायरे में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि करंट शिकार के उद्देश्य से लगाया गया था या किसी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
जांच जारी, होगी कड़ी कार्रवाई
वन विभाग ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर डॉग स्क्वायड के जरिए साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से मिले सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जंगल में करंट फैलाने वाले जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान के लिए सघन पूछताछ और जांच जारी है।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️
⇓
बाघ का शव मिलने से सनसनी, आपसी संघर्ष में मौत की आशंका – Mahaveer News 29










