गोकुलधाम कॉलोनी में शारदीय नवरात्रि की धूम
तीन दिवसीय रास गरबा और विशाल भंडारा बना मुख्य आकर्षण
- गोकुलधाम कॉलोनी में भक्ति भाव से मनाया जा रहा नवरात्रि महोत्सव
- दर्शन के लिए उमड़े हजारों श्रद्धालु
मंडला महावीर न्यूज 29. शहर की गोकुलधाम कॉलोनी में शारदीय नवरात्रि का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर माता रानी के दर्शन कर रहे हैं। आकर्षक साज-सज्जा, माता रानी की भव्य प्रतिमा और भक्तिमय वातावरण ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया है।
नवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय विशाल रास गरबा विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। गरबा आयोजन में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही शानदार डेकोरेशन और मनमोहक विद्युत सज्जा भी श्रद्धालुओं को खूब आकर्षित कर रही है। माता रानी के दर्शन और आयोजन की भव्यता का आनंद लेने के लिए प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु गोकुलधाम कॉलोनी पहुंच रहे हैं।
प्रतिदिन हो रहा भंडारे का आयोजन
धार्मिक आयोजन के दौरान प्रतिदिन विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। पूरे परिसर में भक्ति, सेवा और सामाजिक सहभागिता का वातावरण बना हुआ है। नवरात्रि के अवसर पर आयोजित ये कार्यक्रम श्रद्धालुओं को आपस में जोड़ने के साथ ही धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूत कर रहे हैं।
सहभागिता की अपील
आयोजन के मीडिया प्रभारी नवनीत साहू ने नगरवासियों से अपील की है कि वे गोकुलधाम कॉलोनी पहुंचकर माता रानी के दर्शन करें और रास गरबा सहित सभी धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु इस भव्य आयोजन का आनंद लेकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करें और नवरात्रि महोत्सव को और अधिक भक्तिमय बनाने में अपना योगदान दें।









