बाघ का शव मिलने से सनसनी, आपसी संघर्ष में मौत की आशंका

अंजनियां वन परिक्षेत्र में बाघ का शव मिलने से सनसनी, आपसी संघर्ष में मौत की आशंका

पूर्व सामान्य वनमंडल में युवा बाघिन का मिला शव, शनिवार को विशेषज्ञों की मौजूदगी में होगा पोस्टमार्टम

मंडला महावीर न्यूज 29.  मंडला जिले के अंजनियां वन परिक्षेत्र में शुक्रवार शाम एक बाघ का शव मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने जंगल के भीतर बाघ को मृत अवस्था में देखा, जिसके बाद तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को चारों तरफ से घेर लिया गया है।

बाघ के पिछले हिस्से में मिले चोट के निशान

पूर्व सामान्य वनमंडल की डीएफओ प्रीता एस.एम. ने बताया कि शाम होने और अंधेरा होने के कारण शुक्रवार को केवल प्राथमिक जांच ही की जा सकी है। प्रारंभिक पड़ताल में बाघ के पिछले हिस्से में चोट के निशान और सड़न पाई गई है। डीएफओ के अनुसार, इन घावों को देखते हुए यह आशंका जताई जा रही है कि किसी अन्य बाघ के साथ हुए आपसी संघर्ष (Territorial Fight) में इसकी जान गई होगी।

साढ़े तीन साल की युवा बाघिन होने की संभावना

स्थानीय डॉक्टरों द्वारा किए गए प्रारंभिक परीक्षण में मृत बाघ की उम्र लगभग साढ़े तीन वर्ष आँकी गई है। मौके पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह एक युवा मादा बाघ (बाघिन) प्रतीत हो रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि शनिवार को विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

आज होगा पोस्टमार्टम और खुलासा

वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने जानकारी दी है कि शनिवार सुबह वरिष्ठ अधिकारियों और वन्यजीव विशेषज्ञ डॉक्टरों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम (NTCA गाइडलाइन के अनुसार) कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बाघ की मौत के वास्तविक कारणों, उसकी सही उम्र और लिंग की आधिकारिक पुष्टि की जा सकेगी।

वर्तमान में वन विभाग की टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर तैनात है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं कोई शिकार (Poaching) जैसा मामला तो नहीं है। जंगल के उस हिस्से में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️



Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles