बिझौली गौशाला में गौवंशों की मौत का सिलसिला जारी
- संत अनिल बाबा का दूसरे दिन भी धरना, उग्र आंदोलन की चेतावनी
- प्रशासन मौके पर, एसडीएम ने जताई नाराजगी, संत समर्थन में बजरंग दल, विहिप
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत आमगांव के पोषक ग्राम बिझौली में गौशाला की गंभीर अव्यवस्थाओं के कारण गौवंशों की लगातार हो रही मौत का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को गौशाला में फिर तीन गौवंश मृत हालत में मिले, जिसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश एक बार फिर भड़क उठा। इस गंभीर स्थिति को लेकर संत अनिल बाबा ने मंगलवार से गौशाला के पास धरना शुरू कर दिया और भूख हड़ताल पर बैठ गए, जो बुधवार को भी दूसरे दिन जारी रहा।
बताया गया कि मामले की जानकारी मिलते ही बुधवार को प्रशासन का अमला धरना स्थल पर पहुंचा। मौके पर निवास एसडीएम सीएल वर्मा, निवास जनपद पंचायत सीईओ श्रद्धा चौबे सोनी, निवास एसडीओपी पीएस वालरे, जिला पशु चिकित्सा डिप्टी डायरेक्टर यूएस तिवारी और उनकी टीम सहित सरपंच और सचिव मौजूद रहे। अधिकारियों ने सबसे पहले गौशाला का निरीक्षण किया। एसडीएम श्री वर्मा ने गौशाला की अव्यवस्थाओं पर गहरी नाराजगी जाहिर की और संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।

विहिप और बजरंग दल का समर्थन
प्रशासनिक अधिकारियों ने इसके बाद धरने पर बैठे संत अनिल बाबा से वन-टू-वन चर्चा की और उन्हें आश्वासनों के साथ समझाइश देकर धरना समाप्त करने को कहा। हालांकि संत अनिल बाबा अपनी मांग पर अडिग रहे और उन्होंने धरना समाप्त करने से इनकार कर दिया। बताया गया कि गौवंशों की मौत के खिलाफ संत अनिल बाबा के धरने को अब व्यापक समर्थन मिलने लगा है। मंगलवार को नर्मदा परिक्रमावासियों ने समर्थन दिया था, वहीं बुधवार को विश्व हिंदू परिषद जिला गौ रक्षक प्रमुख रेनू कछवाहा अपनी टीम के साथ धरना स्थल पर पहुंचे और बाबा का समर्थन किया। रेनू कछवाहा ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर गौशाला की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं होता है, तो विहिप और बजरंग दल द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा।
समाधान नहीं होने तक जारी रहेगा प्रदर्शन
बताया गया कि जब हमारे संवाददाता ने धरना स्थल पर पहुंचकर संत अनिल बाबा से बात की तो बाबा ने कहा कि बुधवार को प्रशासन मौके पर पहुंचा था और आश्वासन भी दिया है, लेकिन ऐसे अनेकों आश्वासन पहले भी मिल चुके हैं, पर समस्या का समाधान नहीं हो पाता है। संत अनिल बाबा ने स्पष्ट किया कि इस बार जब तक गौशाला में व्यवस्थाएं सुचारू रूप से दुरुस्त नहीं होतीं, उनका धरना निरंतर जारी रहेगा और वह भूख हड़ताल पर ही रहेंगे। तीन गौवंशों की फिर से मौत होने से ग्रामीणों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे यह मामला जल्द ही एक बड़े आंदोलन का रूप ले सकता है।
इनका कहना हैं
जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर गौशाला का निरीक्षण किया हैं हमने संबंधित अधिकारी को समस्या का समाधान करने को कहा हैं वही अनिल बाबा को समझाइश भी दी हैं कि वह अपना धरना शांत कर दें।
सीएल वर्मा, निवास एसडीएम
गौशाला में अव्यवस्थाओं को लेकर तत्काल हमने मौके पर पहुंचकर पानी और लाइट के लिए उचित व्यवस्था कराते हुए कार्य प्रारंभ कराया हैं और हमने पंचायत सचिव को निर्देशित किया हैं कि जल्द ही सभी अव्यवस्थाओं को जल्द ठीक करें।
श्रद्धा चौबे सोनी, सीईओ
जनपद पंचायत निवास
हमारी पशु चिकित्सा की 1962 की एम्बुलेंस लगातार दो दिनों से गौशाला पहुंच रही हैं और उनका स्वास्थ परीक्षण कर इलाज किया जा रहा हैं बुधवार को भी इलाज किया गया हैं।
यू एस तिवारी, डिप्टी डायरेक्टर
जिला पशु चिकित्सा, मंडला
जैसे ही जानकारी लगी कि गौ वंशों की मौत हो रही हैं और संत अनिल बाबा उक्त मामले को लेकर भूख हड़ताल पर हैं तो हमने उनका समर्थन किया हैं और जब तक समस्या का हल नहीं निकलता हम उनके साथ हैं।
रेनू कछवाहा, विश्व हिंदू परिषद गौ रक्षा प्रमुख जिला मंडला
लगातार हो रही गौवंशों की मौत को लेकर दो दिन से धरना जारी हैं समस्या का हल नहीं होने तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। अब प्रशासन का आश्वासन नहीं चाहिए, अब तो गौशाला में व्यवस्थाएं सुचारू रूप से दुरुस्त कराई जाए।
संत अनिल बाबा
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
⇓
बिझौली गौशाला में मवेशियों की मौत जारी – Mahaveer News 29










