रात भर स्कूल में कैद रही छात्रा, सिर पर गंभीर चोट और कटी मिली चोटी

शासकीय कन्या शाला में हड़कंप

  • रात भर स्कूल में कैद रही छात्रा, सिर पर गंभीर चोट और कटी मिली चोटी
  • सुरक्षा में बड़ी चूक पर आक्रोश, परिजनों ने मुख्य मार्ग पर किया चक्काजाम, दो स्टाफ को नोटिस जारी
  • बैग लेने गई थी छात्रा, पीछे से बोतल मारकर बेहोश करने का आरोप

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के बम्हनी बंजर स्थित शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक छात्रा कक्षा के अंदर बेहोशी की हालत में मिली। छात्रा बुधवार शाम स्कूल की छुट्टी के बाद घर नहीं लौटी थी और रात भर स्कूल में ही कैद रही। परिजनों द्वारा सुबह स्कूल पहुंचने पर वह क्लास रूम में पाई गई, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और चोटी भी कटी हुई थी।

बताया गया कि परिजनों द्वारा रात भर तलाश करने और पुलिस को सूचना देने के बाद गुरुवार सुबह जब वे स्कूल पहुंचे तो बच्ची बेहोश मिली। आनन-फानन में स्कूल स्टाफ ने एम्बुलेंस बुलाकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि छात्रा की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन सिर की चोट गहरी होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। होश आने के बाद पीडि़त छात्रा ने बताया कि छुट्टी के बाद वह अपनी क्लास रूम में बैग लेने गई थी, इसी दौरान किसी ने पीछे से बोतल मार दी, जिसके बाद उसे कुछ याद नहीं है।

चक्का जाम कर किया विरोध प्रदर्शन 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्कूल के सभी कमरों की तलाशी ली और सीसीटीवी फुटेज जब्त किए। प्रारंभिक जांच और फुटेज में एक संदिग्ध छाया दिखाई देने की बात सामने आई है। घटना और स्कूल प्रबंधन की कथित लापरवाही से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गुरुवार दोपहर स्कूल के सामने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया जो दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चला। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला भी जड़ दिया। सूचना मिलने पर एसडीएम सोनल सिडाम, नैनपुर एसडीओपी मनीष राज सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रशासन की मौजूदगी में ताला तोड़ा गया। परिवार ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की है।

स्कूल प्रबंधन पर गिरी गाज 

इस गंभीर सुरक्षा चूक के मामले में सहायक आयुक्त वंदना गुप्ता ने तत्काल एक्शन लेते हुए विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य सुशील हरदाहा और भृत्य रोहोड़ी जोगी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। वहीं प्रभारी प्राचार्य सुशील हरदाहा ने अपनी सफाई में कहा कि छुट्टी के बाद सभी कमरों की जांच कर ताले लगाए जाते हैं और उनकी तरफ से किसी भी तरह की लापरवाही नहीं हुई है। हालांकि सवाल यह है कि स्कूल बंद होने के बाद सुबह तक बच्ची कक्षा में कैसे बेहोश पड़ी रही। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

इनका कहना है

छात्रा के बयान दर्ज किए गए हैं। छुट्टी के समय छात्रा को किसी ने पीछे से बॉटल मारा था। कुछ सहेलियों पर संदेह है जिनसे पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद और भी तथ्य सामने आएंगे। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
शिवकुमार वर्मा, एएसपी, मंडला



 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles