68 साल की परंपरा
- नारायणगंज के विशाल इनामी दंगल में 135 कुश्ती संपन्न
- हरियाणा के भारत पहलवान बने विजेता
- दंगल समिति को मंडला सांसद ने 5 लाख और निवास विधायक ने 1 लाख की राशि देने की घोषणा की
मंडला महावीर न्यूज 29. दुर्गा व्यायाम शाला स्थाई समिति नारायणगंज के तत्वावधान में मंगल भवन ग्राउंड में भव्य विशाल इनामी दंगल आयोजित किया गया। विगत 68 वर्षों से इस दंगल को पूरी भव्यता के साथ आयोजित किया जाता रहा है। इस वर्ष दंगल में तीन वर्गों में कुश्ती आयोजित की गई, जिसमें लगभग 135 से अधिक कुश्तियां संपन्न हुईं।
बताया गया कि आयोजित दंगल में तीन वर्गो में कुश्तियां आयोजित की गई। दंगल में विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों के पहलवानों ने भागीदारी की। जिसमें प्रथम वर्ग में विजेता भारत पहलवान हरियाणा रहे। जिन्हें स्व. नत्थू लाल चौकसे स्मृति में 15 हजार रूपए की नगद राशि दी गई। द्वितीय वर्ग में करण पहलवान जबलपुर विजेता रहे, जिन्हें 10 हजार रूपए का ईनाम स्व. सीताराम शर्मा की स्मृति में दिया गया। इसके साथ ही तृतीय वर्ग में सैमसन साई खेड़ा को आठ हजार रूपए का नगद पुरस्कार स्व. गुरमुख व पुतलीबाई जवानी स्मृति में दिया गया।
मंडला सांसद औन विधायक ने की घोषणा
बताया गया कि इस विशाल दंगल को स्थानीय जन प्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण सहयोग मिला। कार्यक्रम में उपस्थित मंडला सांसद फगन सिंह कुलस्ते ने दुर्गा व्यायाम शाला के भवन निर्माण के लिए पांच लाख रूपए की राशि देने की घोषणा की। वहीं निवास विधानसभा के विधायक चैन सिंह वरकड़े ने दंगल समिति को एक लाख रुपये की नगद राशि प्रदान की है। दंगल में मंगल आइटम यूनिवर्सिटी बरेला का विशेष सहयोग रहा। यूनिवर्सिटी से आए प्रतिनिधियों राज शर्मा, रूपल जोशी, सत्यम शाही ने विजेता पहलवानों को मेडल, टी-शर्ट, मग, फोटो फ्रेम और घड़ी जैसे उपहार देकर प्रोत्साहित किया। उन्होंने महिला पहलवानों के लिए हायर एजुकेशन में छूट संबंधी बात कहकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
अनेक क्षेत्रों के पहलवानों की भागीदारी
इस दंगल में हरियाणा, दिल्ली, सिवनी, कटनी, दमोह, धूमा, जबलपुर, मंडला और अन्य क्षेत्रों के पहलवानों ने भागीदारी कर आयोजन को सफल बनाया। पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम दुर्गा व्यायाम शाला के अध्यक्ष रतन सिंह ठाकुर, संरक्षक मगनलाल सोनी, उपाध्यक्ष विनोद अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रघुनंदन विश्वकर्मा, सचिव नरेश सोनी सहित अन्य पदाधिकारियों और पुरस्कार प्रदाताओं द्वारा किया गया।












