खिलाडिय़ों में दिखा उत्साह, दिखाया दम

खिलाडिय़ों में दिखा उत्साह, दिखाया दम

  • मंडला सांसद ने 9.38 लाख के जूडो मेट का किया लोकार्पण
  • 2 लाख युवाओं को जोडऩे का लक्ष्य
  • सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ किया गया। जिले के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया और 9.38 लाख रुपये की लागत से बने आधुनिक जूडो मेट का लोकार्पण कर खेल सुविधाओं को और मजबूत किया। उद्घाटन समारोह में हिंदुस्तान का दिल धड़का दो, जिंगल की गूंज से पूरा स्टेडियम ऊर्जा और जोश से भर उठा। महोत्सव के शुभंकर मेस्कॉट अर्जुन ने बच्चों और युवाओं को खूब आकर्षित किया। इस दौरान प्रशिक्षक पूर्णिमा रजक के निर्देशन में वुशु का शानदार प्रदर्शन हुआ, वहीं राष्ट्रीय स्तर की आर्टिस्टिक योग खिलाड़ी रुबीना सिंह ने योग की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।

बताया गया कि महोत्सव की शुरुआत ऐतिहासिक महत्व से जुड़ी रही। मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने आदिवासी क्रांतिकारी राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह की पुण्यतिथि पर उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि इन वीरों के बलिदान ने स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी थी और उनका जीवन आदिवासी समाज ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है। मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि मंडला जैसे आदिवासी अंचल की खेल प्रतिभाएं इस महोत्सव के माध्यम से एक नई पहचान बनाएंगी। यह मंच युवाओं को अवसर देने के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढऩे के लिए प्रेरित करेगा।

युवाओं के सर्वांगीण विकास का माध्यम 

यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से देशभर में हो रहे सांसद खेल महोत्सव का हिस्सा है। कुलस्ते वेलफेयर फाउंडेशन के वेद प्रकाश कुलस्ते ने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य सिर्फ खेल प्रतियोगिताएं कराना नहीं है, बल्कि युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ और अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करना है। इसके माध्यम से टीम भावना, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और ग्रामीण व शहरी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का लक्ष्य है।

9 खेलों में होगी प्रतियोगिता, राष्ट्रीय स्तर तक जाने का मिलेगा मौका 

जिला खेल अधिकारी विकास खराडकर ने महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में 9 खेलों योग, रस्साकशी, फन गेम्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, क्रिकेट और तीरंदाजी को शामिल किया गया है। ये प्रतियोगिताएं विभिन्न आयु वर्गों में होंगी। जिला स्तर पर चयनित खिलाडिय़ों को राज्य और फिर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार भी दिए जाएंगे। इस बार महोत्सव में 2 लाख से अधिक युवाओं को जोडऩे का लक्ष्य रखा गया है, जो एक बड़ा कदम है।

बड़ी संख्या में पहुंचे अतिथि और खिलाड़ी

लॉन्चिंग कार्यक्रम कुलस्ते फाउंडेशन और खेल और युवा कल्याण विभाग मंडला के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, खिलाडिय़ों और छात्रों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। कार्यक्रम में मंडला और डिंडोरी के जिला अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, पूर्व विधायक सहित कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी मौजूद थे, जिनमें पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा भी शामिल थे।



 

Leave a Comment