आत्मनिर्भर भारत के लिए योजनाओं पर की चर्चा
- देवरीकला बबलिया में भाजपा की बैठक आयोजित
मंडला महावीर न्यूज 29. देवरीकला बबलिया सामुदायिक भवन में भाजपा मंडल की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश देना था।
बैठक में कार्यकर्ताओं को बताया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाएं और यह सुनिश्चित करें कि जनता को इन योजनाओं का पूरा लाभ मिल रहा है या नहीं। नवनिर्वाचित जिला महामंत्री संतोष रजक ने कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने का मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपने गांव और मोहल्लों में लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुनें और निराकरण कराए।
मंडल अध्यक्ष संदेश जायसवाल ने भी आत्मनिर्भर भारत के विषय में विस्तार से बताया और पार्टी द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर सरपंच राकेश सिंह धुर्वे का जन्मदिन भी मनाया गया और कार्यकर्ताओं में मिठाई बांटी। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिला। बैठक का संचालन संतोष बर्मन ने किया। बैठक में क्षेत्र के सभी भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।









