युद्ध स्तर पर कर रहे आरएफएस, लार्वा सर्वे और लार्वा विनष्टीकरण
- मलेरिया मुक्त जिला के लिए स्वास्थ्य विभाग का प्रयास
- नारायणगंज ब्लॉक में मलेरिया नियंत्रण अभियान तेज
- स्वास्थ्य विभाग कर रहा लार्वा सर्वे, दे रहे जागरूकता संदेश
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज ब्लॉक के मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मलेरिया नियंत्रण के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। स्वास्थ्यकर्मी लगातार आरएफएस, लार्वा सर्वे, और लार्वा विनष्टीकरण का काम कर रहे हैं। इस अभियान का नेतृत्व और निरीक्षण नारायणगंज प्रभारी मलेरिया निरीक्षक एससी जैन कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान मलेरिया निरीक्षक एससी जैन खुद प्रभावित इलाकों का दौरा करने के साथ स्थानीय स्कूलों और पंचायतों में जाकर लोगों को मलेरिया से बचाव के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दे रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को जागरूक करना है, जिससे वे अपने घरों और आसपास के इलाकों को साफ रखकर मच्छरों को पनपने से रोक सकें। जागरूकता अभियान के तहत लोगों को मलेरिया से संबंधित पम्पलेट भी बांटे जा रहे हैं, जिनमें बीमारी के लक्षण, बचाव के उपाय और उपचार की जानकारी दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें स्कूली छात्रों और अन्य सरकारी विभागों के कर्मचारियों को भी मलेरिया नियंत्रण के बारे में जागरूक कर रही हैं। उन्हें बताया जा रहा है कि स्थिर पानी में मच्छर पनपते हैं, इसलिए कूलर, गमले, टायर और अन्य बर्तनों में पानी जमा न होने दें। इसके साथ ही मच्छरदानी का उपयोग करने और शाम के समय खिड़की-दरवाजे बंद रखने की सलाह दी जा रही है।

इस अभियान का उद्देश्य केवल मलेरिया का इलाज करना नहीं, बल्कि इसके प्रसार को रोकना भी है। एससी जैन ने बताया कि लोगों की भागीदारी के बिना इस बीमारी को पूरी तरह से खत्म करना संभव नहीं है। इसलिए स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का यह प्रयास मलेरिया मुक्त नारायणगंज बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।










