हाट बाजार में अतिक्रमण पर प्रशासन का कड़ा रुख

हाट बाजार में अतिक्रमण पर प्रशासन का कड़ा रुख

  • पंचायत की 13 दुकानें कराई खाली, ग्रामीणों ने कहा स्वागत योग्य कदम

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की ग्राम पंचायत बकोरी में स्थित हाट बाजार में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पंचायत की 13 दुकानों को खाली कराया। यह कदम दुकानदारों द्वारा कई बार नोटिस दिए जाने के बावजूद दुकानें खाली न करने के बाद उठाया गया। ग्रामीणों ने इस कार्रवाई का स्वागत किया है और इसे पारदर्शी व न्यायसंगत कदम बताया है।

जानकरी अनुसार यह कार्रवाई मंडला के अनुविभागीय अधिकारी के आदेश पर की गई, जिसका पालन कार्यपालिक मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार मंडला की मौजूदगी में हुआ। पंचायत ने विगत 23 अगस्त, 30 अगस्त और 1 सितंबर को दुकानदारों को नोटिस जारी कर दुकानें खाली करने को कहा था, लेकिन नोटिस की समय-सीमा बीतने के बाद भी कब्जा बरकरार रहा। जिसके बाद पंचायत के आग्रह और उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यह सख्त कदम उठाया गया। इस दौरान थाना कोतवाली का पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।

ताले तोड़े गए, सामान की सूची बनी 

प्रशासनिक टीम ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई। कार्रवाई के दौरान 13 दुकानों में से 4 दुकानदारों ने स्वेच्छा से दुकानें खाली कर दीं, जबकि शेष 9 दुकानों के ताले प्रशासन की मौजूदगी में तोड़े गए। अंदर रखा सारा सामान सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया और उसकी वीडियोग्राफी के साथ एक सूची भी बनाई गई।

कार्रवाई की ग्रामीणों ने की सराहना 

इस कार्रवाई से हाट बाजार क्षेत्र में काफी हलचल रही। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। कई ग्रामीणों ने इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि यह लंबे समय से आवश्यक था, क्योंकि बाजार में अव्यवस्था और अतिक्रमण बढ़ रहा था। लोगों का कहना है कि पंचायत की दुकानों का आवंटन पारदर्शी ढंग से होना चाहिए, जिससे स्थानीय लोगों को न्यायसंगत तरीके से सुविधा मिल सके। प्रशासन की इस सख्ती से लोगों ने कहा कि पंचायत की संपत्ति का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि पंचायत की संपत्ति आमजन के हित और विकास कार्यों के लिए है। यह कार्रवाई अन्य पंचायतों और दुकानदारों के लिए भी एक संदेश है कि नियमों का पालन करना अनिवार्य है।


 

Leave a Comment