फर्जी तरीके से सिम जारी करने वाला POS एजेंट गिरफ्तार

फर्जी तरीके से सिम जारी करने वाला पीओएस एजेंट गिरफ्तार

  • ऑपरेशन फास्र्ट के तहत मंडला पुलिस की कार्रवाई
  • एक ही आधार कार्ड पर कई फर्जी सिम कर रहा था जारी
  • आरोपी से फिंगरप्रिंट स्कैनर और 11 सिम जब्त

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन फास्र्ट के तहत मंडला पुलिस ने फर्जी सिम जारी करने वाले एक पीओएस एजेंट को गिरफ्तार किया है। बताया गया कि यह अभियान साइबर धोखाधड़ी और वित्तीय ठगी जैसे अपराधों में इस्तेमाल होने वाले फर्जी सिम कार्डों पर लगाम लगाने के लिए चलाया जा रहा है।

जानकारी अनुसार पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में मंडला पुलिस ने मोबाइल और सिम विक्रेताओं की जाँच के लिए एक सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसडीओपी निवास के मार्गदर्शन में गठित एक विशेष टीम ने थाना मोहगाँव पुलिस के साथ मिलकर एक पीओएस एजेंट के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की।

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी महेंद्र गोलिया 30 वर्ष, निवासी लिंगा माल, मंडला भोले-भाले ग्रामीणों से सिम रजिस्ट्रेशन के लिए फिंगरप्रिंट स्कैन और फोटो की प्रक्रिया एक से अधिक बार कराकर उनके आधार कार्ड पर बिना उनकी जानकारी के कई फर्जी सिम कार्ड जारी करता था। बाद में इन सिमों को वह अन्य व्यक्तियों को बेचकर अवैध आर्थिक लाभ कमाता था।

पुलिस ने आरोपी के पास से फिंगरप्रिंट स्कैनर, एक मोबाइल फोन, जियो कंपनी की एक लापु सिम और अन्य 10 सिम कार्ड जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा, आईटी एक्ट की धारा और दूरसंचार अधिनियम की धारा के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में निरीक्षक वेदराम हनोते, उपनिरीक्षक गौरव तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक कमल पड़वार, प्रधान आरक्षक चैनसिंह सैयाम, आरक्षक हेमंत मरावी, शिव परस्ते, नवीन उइके और साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक हिमांशु चौहान व आरक्षक सुरेश भटेरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सावधानी बरतें

पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि सिम लेते समय अगर विक्रेता एक से अधिक बार प्रक्रिया करने को कहे तो सतर्क रहें आप दूरसंचार विभाग (DOT) की वेबसाइट

https://sancharsaathi.gov.in/ पर जाकर यह भी पता कर सकते हैं कि आपके आधार कार्ड पर कितने सिम जारी हुए हैं यदि आपके नाम पर कोई फर्जी सिम चल रहा है तो उसे तुरंत बंद करवाएँ किसी भी साइबर अपराध की शिकायत के लिए नजदीकी थाने, साइबर हेल्पलाइन

1930 या मंडला पुलिस के 7049141561 पर संपर्क करें


 

Leave a Comment