शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
- टिकरिया में अवैध निर्माण का मामला गरमाया
- ग्रामीणों ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज के ग्राम पंचायत पटेहरा के ग्राम टिकरिया में शासकीय भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने विरोध जताया है। सांस्कृतिक रंग मंच के पास पक्की दुकानें बनाने की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि टिकरिया में कई शासकीय भवनों और भूमि पर अवैध कब्जा हो चुका है, जिससे सार्वजनिक सुविधाओं में बाधा आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि वे इस मामले को लेकर पिछले आठ महीनों से प्रशासन से संपर्क कर रहे हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की चुप्पी से अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। उनका कहना है कि कुछ प्रभावशाली लोगों के दबाव के कारण अधिकारी निष्क्रिय बने हुए हैं।

ग्रामीणों ने तहसीलदार से सभी अवैध निर्माणों को तुरंत हटाने और शासकीय भूमि को सुरक्षित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक आंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से प्रशासन की होगी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द इस मामले पर ध्यान देगा और टिकरिया की शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर कानून व्यवस्था बहाल करेगा।










